सिरोही |
जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर बुधवार को रेवदर क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न गांवों में पहुंचकर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल सहित अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। जिला कलेक्टर ने विद्यार्थियों, ग्रामीणों, श्रमिकों और किसानों से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं भी सुनी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मेथीपुरा में 3 हजार वर्गफीट सभागार का उद्घाटन
जिला कलेक्टर ने मेथीपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में भामाशाह नरेन्द्र सिंह द्वारा निर्मित 3 हजार वर्गफीट के सभागार का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सदैव मेहनत करने, आगे बढ़ने और देश का अच्छा नागरिक बनने की सीख दी।
जिला कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण
जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने मेथीपुरा के नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण से संबंधित विभिन्न कार्यों की जानकारी लेते हुए उन्हें समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पादर-कातरवाड़ी सड़क और जल जीवन मिशन का अवलोकन
जिला कलेक्टर ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत पादर से कातरवाड़ी सड़क का भी अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने पादर में जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजना की स्थिति देखी।
इस दौरान जिला कलेक्टर ग्रामवासियों के घरों तक पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठकर विभिन्न विषयों पर संवाद किया तथा प्राप्त परिवेदनाओं के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने पादर स्थित नर्सरी का भी अवलोकन किया।
श्रमिकों को किया प्रोत्साहित
जिला कलेक्टर ने वीबीजीरामजी में उजास कार्यक्रम के तहत 'म्हारों हस्ताक्षर म्हारी पहचान' अभियान के संबंध में श्रमिकों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने श्रमिकों से बातचीत कर अभियान के बारे में जानकारी साझा की।
भटाणा में विकास कार्यों का निरीक्षण
जिला कलेक्टर तोमर ने भटाणा में भी विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अटल ज्ञान केंद्र में बच्चों से बातचीत की तथा एमजीएसए संरचना का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
किसानों से किया संवाद, खुद चलाया ट्रैक्टर
भटाणा ग्राम में जिला कलेक्टर ने किसानों से संवाद किया। उन्होंने किसानों से खाद, बीज और उनकी गुणवत्ता के संबंध में चर्चा की। इस दौरान जिला कलेक्टर ने स्वयं ट्रैक्टर भी चलाया।
उन्होंने किसानों की परिवेदनाएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर को अपने बीच पाकर किसान उत्साहित नजर आए।
छात्रावास के विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
जिला कलेक्टर ने रेवदर उपखंड कार्यालय का अवलोकन किया और परिसर में पौधारोपण किया। इसके बाद उन्होंने अम्बेडकर छात्रावास में निवासरत विद्यार्थियों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
दौरे के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे।