वीडियो

रामझरोखा पट्टा विवाद पर मशाल रैली: सिरोही: रामझरोखा पट्टा विवाद पर कांग्रेस की मशाल रैली, निष्पक्ष जांच की मांग; संयम लोढ़ा ने सरकार की चुप्पी पर उठाए सवाल

गणपत सिंह मांडोली · 06 अगस्त 2026, 03:48 दोपहर
सिरोही में रामझरोखा क्षेत्र के कथित अवैध पट्टों की निष्पक्ष जांच सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस ने पूर्व विधायक संयम लोढ़ा के नेतृत्व में मशाल रैली निकाली। कांग्रेस ने सरकार और प्रशासन से सड़क, सफाई, बिजली, बायपास और आवारा पशुओं से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

सिरोही | सिरोही शहर में विभिन्न जनसमस्याओं और रामझरोखा क्षेत्र के कथित विवादित पट्टों की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर बुधवार शाम नगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में पूर्व विधायक संयम लोढ़ा के नेतृत्व में मशाल रैली निकाली गई। रैली रामझरोखा मैदान से शुरू होकर शाहजी की बाड़ी, सरजावाव गेट होते हुए पैलेस रोड स्थित महामंदिर पहुंची।

सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

मशाल रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शहर की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की। कांग्रेस ने रामझरोखा पट्टा विवाद के साथ शहर की सड़कों, सफाई व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, बायपास योजना और आवारा पशुओं की समस्या को प्रमुखता से उठाया।

संयम लोढ़ा ने सरकार की चुप्पी पर उठाए सवाल

सरजावाव गेट पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि रामझरोखा क्षेत्र में सरकारी एवं श्मशान भूमि पर जारी कथित अवैध पट्टों की निष्पक्ष जांच को लेकर सरकार मौन क्यों है?

लोढ़ा ने आमजन से अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया। उन्होंने शहर से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन होगा तेज

नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पुनीत कुमार जैन ने कहा कि मशाल रैली का उद्देश्य सरकार और प्रशासन का ध्यान सिरोही शहर की गंभीर समस्याओं की ओर आकर्षित करना है। उन्होंने कहा कि यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

कांग्रेस ने रखीं प्रमुख मांगें

कांग्रेस ने रामझरोखा क्षेत्र में सरकारी एवं श्मशान भूमि पर जारी कथित अवैध पट्टों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। इसके साथ ही मास्टर प्लान के विपरीत बताए जा रहे शहर के बीच से गुजरने वाले प्रस्तावित बायपास निर्माण को निरस्त करने की मांग भी उठाई गई।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर की जर्जर और गड्ढायुक्त सड़कों की मरम्मत, सफाई व्यवस्था में सुधार और अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्या का समाधान करने की मांग की। साथ ही आवारा पशुओं से आमजन को राहत दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने की मांग भी रखी गई।

कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

मशाल रैली में विधायक मोतीलाल कोली, पूर्व विधायक गंगाबेन गिरासिया, कांग्रेस सांसद प्रत्याशी संध्या चौधरी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रेणूलता व्यास सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

← पूरा आर्टिकल पढ़ें (Full Version)