राजस्थान

कालंद्री में आधुनिक बालिका विद्यालय: सिरोही के कालंद्री में मिला आधुनिक स्कूल, अरविंद पनगढ़िया ने किया उद्घाटन

गणपत सिंह मांडोली · 24 नवम्बर 2026, 04:24 दोपहर
राजस्थान के सिरोही जिले के कालंद्री कस्बे में 1000 छात्राओं की क्षमता वाले आधुनिक सरकारी बालिका विद्यालय का उद्घाटन 16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया ने किया। इसे आरके ट्रस्ट और राजस्थान सरकार की साझेदारी से तैयार किया गया है।

सिरोही/कालंद्री | राजस्थान के सिरोही जिले के कालंद्री कस्बे में बेटियों की शिक्षा को मजबूत करने के लिए एक आधुनिक सरकारी विद्यालय परिसर तैयार किया गया है। राजस्थान सरकार और आरके ट्रस्ट की साझेदारी से बने 'प्रेम रतन शाह मेमोरियल राजकीय बालिका वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय' का उद्घाटन रविवार को 16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया ने किया। इस अवसर पर भारतीय एनेस्थीसिया विशेषज्ञ और समाजसेवी डॉ. शोभा वर्तमान भी उपस्थित रहीं।

1000 विद्यार्थियों की आधुनिक क्षमता

इस विद्यालय में पहले से लगभग 350 छात्राएं अध्ययनरत थीं, जिन्हें अब इस नए और अत्याधुनिक परिसर में स्थानांतरित किया गया है। नए परिसर की कुल क्षमता 1000 विद्यार्थियों की है। कालंद्री और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल देने के लिए तकनीक आधारित कक्षाएं, खेलकूद के मैदान और सामूहिक गतिविधियों के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।

 

शिक्षा से बड़ा आगे बढ़ने का कोई साधन नहीं: पनगढ़िया

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. अरविंद पनगढ़िया ने कहा, "मेरा पूरा जीवन शिक्षा की नींव पर खड़ा है। इसीलिए मैं मानता हूं कि संसार में शिक्षा से बड़ा जीवन में आगे बढ़ने का कोई साधन नहीं है।" उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बेटियों और बेटों दोनों को समान रूप से शिक्षित करें। बता दें कि पद्म भूषण से सम्मानित डॉ. पनगढ़िया नालंदा विश्वविद्यालय के कुलाधिपति और कोलंबिया विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर भी हैं।

 

आरके ट्रस्ट का विजन और पर्यावरण अनुकूल निर्माण

आरके ट्रस्ट के अध्यक्ष आरके शाह ने कहा कि अपनी जन्मभूमि से जुड़ाव के कारण उन्होंने गांव के बच्चों के लिए यह पहल की है। स्कूल के भवन को स्थानीय जलवायु के अनुकूल तैयार किया गया है। निर्माण में मिट्टी के ब्लॉकों का उपयोग हुआ है ताकि प्राकृतिक रूप से तापमान नियंत्रित रहे। इसके अलावा परिसर में सौर ऊर्जा, वर्षा जल संचयन और छायादार गलियारों की व्यवस्था की गई है।

 

शिक्षकों के लिए आधुनिक प्रशिक्षण

विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने के लिए आरके ट्रस्ट द्वारा 'द टीचर्स फाउंडेशन' के जरिए शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही ट्रस्ट 'हिकावरी गाड़ी' नामक चलते-फिरते स्कूल का संचालन भी कर रहा है ताकि शिक्षा घर-घर तक पहुंच सके।

← पूरा आर्टिकल पढ़ें (Full Version)