चीनी और प्याज की कीमतों में गिरावट
आम आदमी के लिए राहत की खबर है। रोजमर्रा के इस्तेमाल की दो जरूरी चीजों, चीनी और प्याज की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। उपभोक्ता मामले के विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इन दोनों वस्तुओं की औसत दैनिक खुदरा कीमतों में कमी आई है।
विभाग का मूल्य निगरानी कक्ष प्रतिदिन आवश्यक वस्तुओं की औसत दैनिक खुदरा कीमतों की सूची जारी करता है। यह औसत मूल्य वह कीमत होती है, जिस पर देश में सबसे अधिक सौदे होते हैं।
चीनी की खुदरा कीमतों में कमी
जारी प्राइस लिस्ट के अनुसार, रविवार को चीनी की औसत रिटेल प्राइस घटकर 59.01 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। यह कीमत शनिवार को 59.92 रुपये प्रति किलोग्राम पर थी। इससे उपभोक्ताओं को मामूली राहत मिली है।
प्रमुख शहरों में चीनी के रिटेल भाव
हालांकि, चीनीमंडी के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को देश के बड़े शहरों में चीनी के रिटेल भाव में कोई खास अंतर देखने को नहीं मिला था। विभिन्न शहरों में कीमतें इस प्रकार रहीं:
- दिल्ली: 55 रुपये प्रति किलो
- कानपुर: 53 रुपये प्रति किलो
- रायपुर: 55 रुपये प्रति किलो
- मुंबई: 54 रुपये प्रति किलो
- रांची: 55 रुपये प्रति किलो
- कोलकाता: 55 रुपये प्रति किलो
- गुवाहाटी: 56 रुपये प्रति किलो
- हैदराबाद: 54 रुपये प्रति किलो
- चेन्नई: 58 रुपये प्रति किलो
प्याज के दाम भी हुए कम
चीनी के साथ-साथ प्याज की कीमतों में भी रविवार को गिरावट दर्ज की गई। प्याज का औसत रिटेल प्राइस रविवार को घटकर 52.72 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया।
शनिवार को यह कीमत 53.65 रुपये प्रति किलोग्राम पर थी। हालांकि, अगर एक महीने पहले से तुलना करें तो भाव अभी भी ऊंचे हैं। एक महीने पहले यह भाव 36.26 रुपये प्रति किलो और एक साल पहले 27.62 रुपये प्रति किलोग्राम पर था।
खाद्य तेलों के क्या हैं हाल?
खाद्य तेलों की कीमतों में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। सरसों और सोयाबीन तेल के दामों में गिरावट आई है, जबकि सूरजमुखी तेल थोड़ा महंगा हुआ है।
सरसों और सोयाबीन तेल सस्ता
सरसों तेल की औसत रिटेल कीमत में भी गिरावट आई है। यह रविवार को घटकर 199.97 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया, जबकि शनिवार को यह 201.34 रुपये प्रति किलोग्राम पर था।
इसी तरह, सोयाबिन तेल का भाव भी मामूली गिरावट के साथ रविवार को 165.75 रुपये प्रति किलोग्राम पर रहा। यह शनिवार को 165.92 रुपये प्रति किलोग्राम पर था।
सूरजमुखी तेल में मामूली बढ़त
वहीं, सूरजमुखी तेल के भाव में मामूली बढ़त दर्ज की गई। इसका भाव बढ़कर 193.29 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया, जो शनिवार को 193.04 रुपये प्रति किलोग्राम पर था।