बाड़मेर | उत्तर प्रदेश कैडर के दो चर्चित और तेज-तर्रार आईपीएस अधिकारियों की शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। संभल के एसपी केके बिश्नोई और बरेली की एसपी साउथ अंशिका वर्मा जल्द ही परिणय सूत्र में बंधने जा रहे हैं।
राजस्थान के बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना में स्थित केके बिश्नोई के पैतृक आवास पर शादी की रस्में धूमधाम से शुरू हो चुकी हैं। शुक्रवार की रात आयोजित हल्दी और संगीत कार्यक्रम में मेहमानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पारंपरिक लोकगीतों पर जमकर थिरके।
शादी और रिसेप्शन का पूरा कार्यक्रम
केके बिश्नोई के भाई भजनलाल बिश्नोई ने मीडिया को बताया कि बारात 29 मार्च को धोरीमन्ना से जोधपुर के लिए प्रस्थान करेगी। इसी दिन भव्य विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दोनों अधिकारी सात फेरे लेंगे।
शादी के अगले दिन यानी 30 मार्च को एक शानदार रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। इस वीआईपी शादी में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई दिग्गज पुलिस अधिकारियों और राजनेताओं को निमंत्रण भेजा गया है।
इससे पहले 26 मार्च को उत्तर प्रदेश के संभल में दोनों की रिंग सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया था। सगाई के दौरान इस आईपीएस जोड़ी ने स्टेज पर फिल्मी गानों पर जमकर डांस किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है।
किसान के बेटे हैं IPS केके बिश्नोई
कृष्ण कुमार बिश्नोई (केके बिश्नोई) 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वे मूल रूप से बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना के एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। केके बिश्नोई अपने छह भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं।
उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से मात्र 24 साल की उम्र में ही यूपीएससी की परीक्षा पास कर ली थी। उनकी पहली पोस्टिंग मेरठ में हुई थी, जिसके बाद उन्होंने मुजफ्फरनगर में सेवाएं दीं और वर्तमान में वे संभल के एसपी के रूप में कार्यरत हैं।
बिना कोचिंग के अंशिका ने पाई सफलता
आईपीएस अंशिका वर्मा 2021 बैच की अधिकारी हैं और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की रहने वाली हैं। अंशिका की सफलता की कहानी बेहद प्रेरणादायक है क्योंकि उन्होंने बिना किसी कोचिंग के यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में 136वीं रैंक हासिल की थी।
अंशिका के पिता यूपीपीसीएल से सेवानिवृत्त इंजीनियर हैं और उनकी माता एक गृहिणी हैं। अंशिका ने अपनी शुरुआती पोस्टिंग आगरा और गोरखपुर में पूरी की है। वर्तमान में वे बरेली में एसपी साउथ के महत्वपूर्ण पद पर तैनात रहकर अपनी सेवाएं दे रही हैं।
सोशल मीडिया पर दोनों ही अधिकारी काफी सक्रिय रहते हैं और उनकी अच्छी फैन फॉलोइंग है। सगाई की तस्वीरों को साझा करते हुए अंशिका ने इंस्टाग्राम पर दिल को छू लेने वाला कैप्शन लिखा, वहीं केके बिश्नोई ने अपने जीवन के नए सफर की शुरुआत की खुशी जाहिर की है।