Jalore: पति के हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़िता ने दी भूख हड़ताल की चेतावनी

पति के हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़िता ने दी भूख हड़ताल की चेतावनी
Ad

Highlights

  • 18 माह बाद भी हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं

  • पीड़िता ने प्रशासन को 26 फरवरी तक का अल्टीमेटम दिया

  • 27 फरवरी से जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने भूख हड़ताल की चेतावनी

  • पहले भी नवंबर 2025 में कर चुकी हैं भूख हड़ताल

  • संदिग्धों के नार्को टेस्ट की अनुमति नहीं मिलने से जांच प्रभावित

  • न्याय की मांग को लेकर कई बार ज्ञापन और धरना-प्रदर्शन

जालोर। जिले के मांडोली गांव निवासी भारती कंवर ने अपने पति की हत्या के मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर जिला प्रशासन के खिलाफ भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी दी है। उन्होंने जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर बताया कि 28 अगस्त 2024 को उनके पति गणपत सिंह पुत्र रण सिंह की हत्या हुई थी, लेकिन 18 माह बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।

पीड़िता का आरोप है कि न्याय की मांग को लेकर वह अपने परिवार सहित कई बार मुख्यमंत्री, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं मंत्रियों को ज्ञापन दे चुकी हैं। इसके अलावा रामसीन थाना और जिला मुख्यालय पर सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में धरना-प्रदर्शन भी किया गया, लेकिन अब तक मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने बताया कि पूर्व जांच अधिकारी गोपीनाथ कांबले द्वारा जांच के दौरान तीन संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की गई थी तथा उनके नार्को टेस्ट के लिए न्यायालय से अनुमति मांगी गई थी, लेकिन संदिग्धों की सहमति नहीं मिलने के कारण अनुमति नहीं मिल सकी। इसके बाद से जांच प्रक्रिया ठंडे बस्ते में चली गई है।

भारती कंवर ने बताया कि इससे पहले नवंबर 2025 में भी उन्होंने अपनी सास और जेठ के साथ जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने भूख हड़ताल शुरू की थी, जिसे सांसद के एक माह में मामले का खुलासा कराने के आश्वासन पर 25 नवंबर 2025 को समाप्त किया गया था। हालांकि दो माह बीत जाने के बाद भी कोई प्रगति दिखाई नहीं देने से वह पुनः आंदोलन के लिए मजबूर हैं।

उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 26 फरवरी 2026 तक मामले में कार्रवाई नहीं होती है तो 27 फरवरी 2026 से वह अपने परिवार सहित जिला कलेक्टर कार्यालय के सामने भूख हड़ताल पर बैठेंगी।

Must Read: कलाम कोचिंग पर ईडी की कार्यवाही क्या पेपर लीक के राज खोलेगी

पढें राजस्थान खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News) के लिए डाउनलोड करें thinQ360 App.

  • Follow us on :