सिरोही | राजस्थान के सिरोही जिले में आगामी 22 अप्रैल को विश्व पृथ्वी दिवस बेहद खास अंदाज में मनाया जाएगा। राज्य सरकार के पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के निर्देशानुसार इस वर्ष की थीम "Our Power, Our Planet" रखी गई है।
मुनिया डेम पर मुख्य आयोजन
वन विभाग के अनुसार, मुख्य कार्यक्रम सिरोही वन मंडल की पिण्डवाड़ा रेंज में स्थित मुनिया डेम पर आयोजित होगा। इसका संचालन उप वन संरक्षक अजित उचोई के निर्देशन में किया जाएगा, जबकि सहायक वन संरक्षक दारा सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया है। पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए सुबह प्रभात फेरी और जागरूकता रैली निकाली जाएगी। इसके साथ ही पौध वितरण और वृक्षारोपण का कार्य भी किया जाएगा। मुनिया डेम पर एक विशेष पर्यावरण प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
बच्चों के लिए खास गतिविधियां
विद्यार्थियों के लिए मुनिया डेम पर नेचर वॉक और फोटोग्राफी वर्कशॉप का आयोजन होगा। यहाँ विशेषज्ञ बच्चों को पक्षियों की पहचान और स्थानीय सरीसृपों के बारे में रोचक जानकारी देंगे। कार्यक्रम में बर्ड वॉचिंग के साथ-साथ निबंध और पोस्टर प्रतियोगिताएं भी होंगी। सफल प्रतिभागियों को पर्यावरण आधारित स्टेशनरी सामग्री भेंट की जाएगी।
ग्रामीणों की भागीदारी और मनोरंजन
वन विभाग ने ग्रामीणों को जोड़ने के लिए पर्यावरण फिल्म स्क्रीनिंग और अधिकारियों के साथ एक मैत्री मैच भी रखा है। वन्यजीव संरक्षण के तहत पक्षियों के लिए परिंडे भी बांटे जाएंगे और जलाशयों में पानी भरने का अभियान चलेगा। क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रेम सागर ने सभी से अपील की है कि वे इस आयोजन का हिस्सा बनकर धरती को बचाने का संकल्प लें।