thinQ360
🏠 टॉप 🔥 राजनीति 📍 राज्य 📰 लाइफ स्टाइल 🏏 खेल 🎬 मनोरंजन 📰 जालोर 👤 शख्सियत 💻 तकनीक ✍️ Blog ⭐ सफलता की कहानी 🚨 क्राइम 📰 मनचाही ▶️ YouTube
क्राइम

तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ एसपी को ज्ञापन: ब्रह्माजी मंदिर से लौट रहे युवक को थाने ले जाकर मारपीट करने का आरोप

गणपत सिंह मांडोली
+Follow us
thinQ360 को गूगल पर फेवरेट बनाएँ
allegation of assault on a youth taken to the police station while returning from the brahmaji temple

सिरोही। कालन्द्री कस्बे के कबूतर चौक निवासी हितेश कुमार पुत्र हंसाराम घांची (21) ने जिला पुलिस अधीक्षक सिरोही को ज्ञापन सौंपकर कालन्द्री थाना के कांस्टेबल हिमांशु (बेल्ट नं. 619), कांस्टेबल महेन्द्र कुमार (बेल्ट नं. 1046) एवं एएसआई दिनेश कुमार पर मारपीट, गाली-गलौज, झूठा प्रकरण दर्ज करने तथा प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कर तीनों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


ज्ञापन के अनुसार, 21 जून 2026 को दोपहर करीब एक बजे हितेश कुमार ब्रह्माजी मंदिर में दर्शन कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान ब्रह्माजी मंदिर के पास कालन्द्री थाना पुलिस ने उसे रोक लिया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कांस्टेबल हिमांशु, कांस्टेबल महेन्द्र कुमार और एएसआई दिनेश कुमार उसे बिना किसी कारण पुलिस वाहन में बैठाकर थाने ले गए।
पीड़ित का आरोप है कि थाने में तीनों पुलिसकर्मियों ने उसके साथ गाली-गलौज की, कपड़े उतरवाए और कांस्टेबल हिमांशु ने बेल्ट से दोनों हाथों की हथेलियों पर वार किया, जिससे गंभीर चोटें और सूजन आ गई। इसके अलावा थप्पड़ों से मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है।


शिकायत में कहा गया है कि सूचना मिलने पर उसका भाई भरत घांची थाने पहुंचा, जहां एएसआई दिनेश कुमार के शराब के नशे में होने का भी आरोप लगाया गया है। इसके बाद पुलिस ने हितेश के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि रात करीब आठ बजे जब हितेश और उसका भाई रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे, तब भी कांस्टेबल हिमांशु और एएसआई दिनेश कुमार ने उनके साथ गाली-गलौज की। साथ ही शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि कांस्टेबल हिमांशु अक्सर कर्मा होटल पर उसके भाई से शराब मांगता है तथा दोनों भाइयों को झूठे मुकदमे में फंसाने की आशंका जताई गई है।
हितेश कुमार का कहना है कि उसने कभी शराब का सेवन नहीं किया और यदि आवश्यकता हो तो उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा सकता है। उसने अपनी मेडिकल रिपोर्ट भी शिकायत के साथ संलग्न कर जिला पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कांस्टेबल हिमांशु, कांस्टेबल महेन्द्र कुमार और एएसआई दिनेश कुमार के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

शेयर करें: