भारत

दिल्ली से जयपुर तक ट्रैफिक का कहर: हर साल 5 से 7 दिन जाम में बर्बाद, परिवार और सेहत दोनों दांव पर

जोगेन्द्र सिंह शेखावत · 15 नवम्बर 2026, 10:26 दोपहर
बढ़ता ट्रैफिक जाम अब केवल समय और ईंधन की बर्बादी नहीं रहा, बल्कि यह पारिवारिक जीवन, मानसिक स्वास्थ्य और देश की अर्थव्यवस्था पर भी भारी पड़ रहा है। टॉमटॉम ट्रैफिक इंडेक्स के अनुसार भारतीय शहरों में लोग सालाना 5 से 7 दिन जाम में गंवा रहे हैं।

नई दिल्ली | बढ़ता यातायात दबाव अब देश के प्रमुख शहरों में लोगों का सुकून और क्वालिटी टाइम तेजी से छीन रहा है। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रैफिक की मार सिर्फ जेब और समय पर ही नहीं पड़ रही, बल्कि यह नागरिकों की मानसिक और शारीरिक सेहत को भी गंभीर रूप से प्रभावित कर रही है। सड़कों पर रेंगती गाड़ियां केवल महंगा ईंधन ही नहीं फूंक रहीं, बल्कि परिवार के हिस्से का आपसी संवाद और सुकून भी निगल रही हैं।

साल में 7 दिन तक ट्रैफिक की भेंट

आंकड़े बताते हैं कि बेंगलूरु में लोग पीक आवर्स के दौरान साल में 168 घंटे यानी सात दिन अतिरिक्त समय ट्रैफिक में गंवाते हैं। वहीं, जयपुर में यह समय 121 घंटे यानी पांच दिन से ज्यादा है। पुणे में 152 घंटे, कोलकाता में 150 घंटे, चेन्नई में 132 घंटे और मुंबई में 126 घंटे अतिरिक्त समय बर्बाद होता है। राजधानी दिल्ली में भी लोग सालाना 104 घंटे जाम के कारण गंवाने को मजबूर हैं।

टॉमटॉम ट्रैफिक इंडेक्स के अनुसार, एशिया के 10 सबसे जाम वाले शहरों में छह अकेले भारत के हैं। वैश्विक स्तर पर भारत दुनिया में पांचवां और एशिया में दूसरा सबसे अधिक ट्रैफिक जाम वाला देश बन चुका है। दुनिया में पहले नंबर पर मैक्सिको सिटी है, जहां लोग सालाना 184 घंटे जाम में बिताते हैं।

अर्थव्यवस्था और जेब पर भारी बोझ

ट्रैफिक जाम का असर देश की अर्थव्यवस्था पर भी सीधा पड़ रहा है। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और कोलकाता इन चार महानगरों में जाम से सालाना करीब 22 अरब डॉलर का नुकसान होता है। आर्थिक समीक्षा 2025-26 में इस बात का स्पष्ट उल्लेख किया गया है। वहीं, सेंटर फॉर साइंस एंड एन्वायरनमेंट की 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक जाम की वजह से दिल्ली में एक अकुशल कामगार को सालाना 7,200 से 19,600 रुपए तक की चपत लग रही है।

ट्रैफिक दे रहा सेहत का रेड सिग्नल

सड़कों पर लगने वाला लंबा जाम शरीर और दिमाग दोनों को खोखला कर रहा है। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, यह स्थिति 5 गंभीर मेडिकल समस्याओं को जन्म दे रही है:

यातायात दबाव के मुख्य कारण

शहरी विशेषज्ञों का मानना है कि यातायात के इस विकट दबाव के पीछे तीन प्रमुख वजहें हैं। पहला, सार्वजनिक परिवहन की कमी के कारण निजी वाहनों और दोपहिया वाहनों पर निर्भरता बढ़ना। दूसरा, शहरी नियोजन की कमी, जिसके तहत आबादी और कॉलोनियां तो बढ़ीं लेकिन सड़कें और पार्किंग उसी अनुपात में विकसित नहीं हुईं। तीसरा, स्कूल, दफ्तर और बाजारों के निकलने का समय एक जैसा होना, जिससे सुबह और शाम के वक्त सड़कों पर दबाव चरम पर पहुंच जाता है।

← पूरा आर्टिकल पढ़ें (Full Version)