जयपुर | राजस्थान की राजधानी जयपुर में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक बस ड्राइवर ने चालान की कार्रवाई से बचने के लिए न केवल RTO इंस्पेक्टर के साथ धक्का-मुक्की की, बल्कि बीच सड़क पर बस खड़ी कर पूरे हाईवे को जाम कर दिया।
ड्यूटी पर तैनात टीम से बदसलूकी
यह घटना जयपुर-फर्स्ट के आरटीओ इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह और उनके उड़नदस्ते के साथ हुई। मिली जानकारी के अनुसार, देवेंद्र सिंह 27 मार्च की रात करीब 10 बजे ट्रांसपोर्ट नगर के रोटरी सर्किल पर अपनी टीम के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान जयपुर से ऋषिकेश जा रही रिंकू ट्रेवल्स की एक बस को जांच के लिए रोका गया। बस में सवारियां भरी हुई थीं। जैसे ही टीम ने कागजात मांगे, बस चालक अरुण सिंह और उसके साथी दिनेश ने हंगामा शुरू कर दिया।
राजनीतिक रसूख की धमकी
आरोप है कि दोनों आरोपियों ने सरकारी कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, उन्होंने पॉलिटिकल पावर का हवाला देते हुए इंस्पेक्टर को नौकरी से हटवाने और पूरे स्टाफ को सस्पेंड करवाने की धमकी भी दी। जब इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने उन्हें समझाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। माहौल बिगड़ता देख और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए ड्राइवर ने बस को हाईवे के बीचों-बीच तिरछा खड़ा कर दिया।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
बीच सड़क पर बस खड़ी होने के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। अन्य बस संचालकों और यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि हमला होने के डर से उड़नदस्ते को पीछे हटना पड़ा। इसके बाद तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। मौके पर ट्रांसपोर्ट नगर थाने का पुलिस जाब्ता पहुंचा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया और बस को अपने कब्जे में लिया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और यात्रियों को दूसरी गाड़ी से गंतव्य के लिए रवाना किया गया। शनिवार को इंस्पेक्टर की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने और हाईवे जाम करने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इस घटना ने एक बार फिर ऑन-ड्यूटी सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है ताकि सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।