जालोर | अस्पताल पहुंचने से पहले ही एक गर्भवती महिला ने रास्ते में ऑटो रिक्शा में बच्चे को जन्म दे दिया। जालोर के पिछोला बेरे के पास प्रसव पीड़ा अचानक तेज होने के कारण परिजनों को ऑटो रोकना पड़ा। इस दौरान मौके पर मौजूद तीन बुजुर्ग महिलाओं ने अपनी सूझबूझ और हिम्मत का परिचय देते हुए सुरक्षित प्रसव कराया। चिकित्सकों ने पुष्टि की है कि मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
अचानक तेज हुई प्रसव पीड़ा
आहोर की रहने वाली 26 वर्षीय रेखा देवी जोशी पत्नी कमलेश ब्राह्मण को प्रसव पीड़ा शुरू हुई थी। परिजन उन्हें ऑटो रिक्शा के जरिए जालोर स्थित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र (MCH सेंटर) लेकर जा रहे थे। रास्ते में पिछोला बेरे के पास महिला को असहनीय पीड़ा होने लगी, जिसके बाद ऑटो रोकना पड़ा।
तीन बुजुर्ग महिलाओं ने संभाली कमान
संकट की इस घड़ी में बेरे पर मौजूद सुखी देवी, नेनु देवी और पवनी देवी ने घबराने के बजाय स्थिति को संभाला। तीनों महिलाओं ने तत्परता दिखाते हुए रात करीब 8:08 बजे रेखा देवी की सुरक्षित डिलीवरी कराई। इसके बाद तुरंत निजी एम्बुलेंस को सूचना दी गई।
अस्पताल में चल रहा उपचार
सूचना मिलने पर एम्बुलेंस संचालक दिनेश कुमार माली मौके पर पहुंचे और जच्चा-बच्चा को सुरक्षित जालोर MCH सेंटर पहुंचाया। यह रेखा देवी की तीसरी संतान है। इससे उनके पास 10 साल की बेटी कीर्ति कुमारी और 7 साल का बेटा महावीर हैं। महिला विशेषज्ञ डॉ. चम्पालाल माली की देखरेख में दोनों का उपचार किया जा रहा है।