राजस्थान

आबू-पिंडवाड़ा: घर से साईकल पर निकले विधायक क्षेत्र का दौरा कर लोगो से की ईधन बचाने की अपील

गणपत सिंह मांडोली · 16 मई 2026, 02:28 दोपहर
आबू-पिंडवाड़ा विधायक ने साइकिल से क्षेत्र का दौरा कर पर्यावरण और स्वास्थ्य के प्रति जगाई अलख।

सिरोही। बढ़ती ईंधन कीमतों और वैश्विक संकट के बीच प्रधानमंत्री के ईंधन बचत एवं सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए आबू-पिंडवाड़ा विधायक समाराम गरासिया ने अनोखी पहल की। विधायक समाराम गरासिया शनिवार को अपने वरली आवास से साइकिल पर रवाना होकर पिंडवाड़ा शहर पहुंचे और क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आमजन एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर ईंधन बचाने का संदेश दिया।

क गरासिया ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए देशवासियों को ऊर्जा संरक्षण की दिशा में गंभीरता से कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि छोटी दूरी के दैनिक कार्यों के लिए साइकिल का उपयोग किया जाए तथा जहां संभव हो सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दी जाए। इससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

साइकिल यात्रा के दौरान विधायक ने बाजारों एवं विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से संवाद किया। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील करते हुए कहा कि साइकिल चलाने से स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है और प्रदूषण कम करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि देश को वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग विधायक के साथ जुड़े। लोगों ने विधायक की इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया। कई युवाओं ने भी भविष्य में छोटी दूरी के लिए साइकिल उपयोग करने का संकल्प लिया।

विधायक समाराम गरासिया की यह पहल क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। आमजन का कहना है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा इस प्रकार के संदेश समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

← पूरा आर्टिकल पढ़ें (Full Version)