राजस्थान विधानसभा: अविनाश गहलोत, टीकाराम जूली और हरीश चौधरी के अंश हटाए गए, पक्ष और प्रतिपक्ष ने अध्यक्ष पर जताया पूर्ण विश्वास

Ad

Highlights

इससे पहले प्रतिपक्ष नेता टीकाराम जूली ने कहा कि वे कतई नहीं चाहते कि आसन का किसी प्रकार का अपमान हो। आसन पर आक्षेप लगाने की भी उनकी कोई मंशा नहीं थी। प्रतिपक्ष को सदन में अध्यक्ष से ही संरक्षण की उम्मीद रहती है। जूली ने कहा कि उनकी बात से आसन की भावना को किसी प्रकार की ठेस पहुँची हो तो उसके लिए वे माफी चाहते हैं।

जयपुर, 19 जुलाई | सोलहवीं राजस्थान विधानसभा के द्वितीय सत्र में गुरुवार सांय से शुक्रवार दोपहर तक सदन में आए बार-बार गतिरोध को अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कूटनीतिक ढंग से समाप्त करा दिया। देवनानी ने प्रतिपक्ष द्वारा सदन के बाहर जाकर उन पर लगाए गए व्यक्तिगत आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि सदन की रिपोर्ट का अवलोकन करेंगे तो पता चलेगा कि उनका हमेशा निष्पक्ष व्यवहार ही रहा है। सदन में पक्ष और प्रतिपक्ष के सभी सदस्यों ने अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के प्रति पूर्ण विश्वास व्यक्त किया।

अविनाश गहलोत, टीकाराम जूली और हरीश चौधरी के अंश हटाए
सदन के गतिरोध को समाप्त करने के लिए अध्यक्ष वासुदेव देवनानी से प्रतिपक्ष नेता व अन्य वरिष्ठ नेता और संसदीय कार्य मंत्री मिले। देवनानी से दोनों पक्ष के वरिष्ठ नेताओं ने एक-दूसरे के उद्बोधनों में से आपत्तिजनक अंश हटाने का अनुरोध किया। देवनानी ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और विधायक हरीश चौधरी के गुरुवार को दिए गए उद्बोधनों में से असंसदीय, आपत्तिजनक और अमर्यादित शब्दों को विलोपित करने के निर्देश दिए।

सबको साथ लेकर चलना ही उनके व्यवहार में है
वासुदेव देवनानी ने कहा कि जब उन्हें सर्वसम्मति से अध्यक्ष निर्वाचित किया गया था, तब मन बहुत प्रफुल्लित था। पक्ष और प्रतिपक्ष के सभी सदस्यों ने उनके निर्वाचन पर सहमति जताई थी। इसलिए उन पर इस पद की गरिमा बनाए रखने की नैतिक रूप से दोहरी जिम्मेदारी बन गई है। उन्होंने उसी भावना से निष्पक्ष तौर पर आसन से कार्य किया है क्योंकि उनका दैनिक जीवन में भी सबको साथ लेकर चलने वाला ही व्यवहार रहा है। देवनानी ने कहा कि प्रतिपक्ष हो या सत्ता पक्ष, उन्होंने सभी सदस्यों को सदन में शिष्टाचार को अमल में लाने के लिए कहा था और यही अपेक्षा है।

सदन की गरिमा बनाए रखने की प्रत्येक सदस्य की जिम्मेदारी
वासुदेव देवनानी ने कहा कि यह सदन प्रदेश की जनता का पवित्र स्थल है। यहां की अपनी गरिमा, परम्पराएं और मर्यादाएं हैं, जिनका पालन करना सभी सदस्यों का दायित्व है। सदन में व्यवहार कैसा हो, इसके लिए सभी सदस्यों को राजस्थान विधानसभा के प्रक्रिया तथा कार्य संचालन संबंधी नियम 269 का अध्ययन अवश्य करना होगा और उन नियमों को अपने व्यवहार में भी लाना होगा।

सदन नियमों, परम्पराओं और मर्यादाओं से चलेगा
वासुदेव देवनानी ने कहा कि किसी सदस्य को किसी शब्द या किसी बात से आपत्ति है तो वे उनसे उनके कक्ष में मिल कर भी अपनी बात रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि वे सदन को पूरा समय देते हैं। सदन में चल रहे वाद-विवाद के एक-एक पल की जानकारी से वे अवगत रहते हैं। किसी सदस्य के साथ पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाना उनकी आदत में नहीं है। उनका प्रयास यही रहता है कि सदन नियमों, परम्पराओं और मर्यादाओं से चले, ताकि प्रदेश की जनता जिसने इस सदन में जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सभी सदस्यों को चुनकर भेजा है, उनके साथ सही व्यवहार हो सके।

सदन का प्रत्येक सेकंड बहुत महत्वपूर्ण
क्षेत्र की जनता की आपसे बहुत अपेक्षाएं हैं। जन समस्याओं के निराकरण के लिए उनकी आशाओं भरी निगाहें आप पर लगी होती हैं। सदन का प्रत्येक सेकंड बहुत महत्वपूर्ण होता है। समय का ध्यान रखें। सदन और अपने क्षेत्र की जनता के प्रति कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए सदन के नियमों का पालन करें।

प्रतिपक्ष नेता ने खेद जताया
इससे पहले प्रतिपक्ष नेता टीकाराम जूली ने कहा कि वे कतई नहीं चाहते कि आसन का किसी प्रकार का अपमान हो। आसन पर आक्षेप लगाने की भी उनकी कोई मंशा नहीं थी। प्रतिपक्ष को सदन में अध्यक्ष से ही संरक्षण की उम्मीद रहती है। जूली ने कहा कि उनकी बात से आसन की भावना को किसी प्रकार की ठेस पहुँची हो तो उसके लिए वे माफी चाहते हैं।

अध्यक्ष ने सदैव प्रतिपक्ष को दिया संरक्षण और भविष्य में भी अपेक्षा
सदन में विधायक गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि अध्यक्ष पद पर वासुदेव देवनानी के नाम की घोषणा होने पर पक्ष और प्रतिपक्ष के सभी सदस्यों ने एक स्वर में देवनानी को सुलझा हुआ व्यक्ति बताया था। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष से प्रतिपक्ष को आज तक संरक्षण मिलता रहा है। उन्होंने अध्यक्ष से भविष्य में भी संरक्षण दिए जाने की अपेक्षा व्यक्त की। जब से देवनानी अध्यक्ष पद पर आसीन हुए हैं, उन्होंने हमेशा प्रतिपक्ष हो या सत्तापक्ष सभी का पूरा ख्याल रखा है। हम सभी उनका सम्मान करते हैं। उनका सम्मान, चेयर का सम्मान हम सभी पक्ष और प्रतिपक्ष का सम्मान है। इस सम्मान से इस सदन की गरिमा बढ़ती है।

देवनानी पूरी निष्पक्षता और पारदर्शी व्यवस्था से निभा रहे हैं दायित्व
संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने सत्ता पक्ष की ओर से सदन को विश्वास दिलाया कि आसन के किसी भी आदेश की ना तो अभी तक अवहेलना की है और ना ही वे भविष्य में ऐसा कुछ करेंगे। सदन के आसन पर विराजने वाला व्यक्ति संविधान के द्वारा प्रदत्त अधिकारों के तहत बैठता है। वह सभी का होता है और इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाता है। देवनानी इस दायित्व को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शी व्यवस्थाओं के साथ निभा रहे हैं।

Must Read: पाली में मोदी तुझसे बैर नहीं, पीपी चौधरी तेरी खैर नहीं के नारे क्यों गूंजे

पढें राजनीति खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News) के लिए डाउनलोड करें thinQ360 App.

  • Follow us on :