राजस्थान

सिरोही: गौवंश के चारा-पानी की व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने पशुपालकों से किया संवाद

गणपत सिंह मांडोली · 29 नवम्बर 2026, 03:10 दोपहर
पशुपालकों की समस्याओं पर प्रशासन गंभीर, चारा व्यवस्था के लिए रखा अनुदानित चारा डिपो का प्रस्ताव

सिरोही,29 नवंबर। जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देशानुसार उपखंड अधिकारी डॉ परमजीत सिंह, पशुपालन विभाग के अधिकारियों सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों ने गौवंश के लिए पशुपालकों के साथ चारा पानी आदि की व्यवस्था के संबंध में चर्चा की।
रविवार को अरबुदा गौशाला में और कालकाजी तालाब के पास हुई चर्चा में गौ पालकों ने सूखाग्रस्त क्षेत्र होने के कारण गायो के चारा पानी की कमी की समस्या से अवगत करवाया । इस पर प्रशासन की ओर से पशुपालकों की मांग के अनुरूप अनुदानित दर पर पशु चारा उपलब्ध करवाने के लिए चारा डिपो खोलने का प्रस्ताव रखा गया, ताकि पशुपालकों को नियमानुसार रियायती दर पर चारा उपलब्ध हो सके। साथ ही, गौवंश को गौशालाओं में स्थानांतरित कर उनके लिए चारा-पानी एवं देखभाल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का विकल्प भी प्रस्तुत किया गया। उपखंड अधिकारी ने बताया कि उपखंड में चारा डिपो तत्काल शुरू किए जाएंगे।


पशुपालकों द्वारा निःशुल्क चारा उपलब्ध करवाने की मांग रखी गई। प्रशासन ने सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। साथ ही, पशुपालकों की मांगों एवं समस्याओं से राज्य सरकार को अवगत करवाने की बात भी कही।


प्रशासन ने पशुपालकों से संवाद एवं समन्वय बनाए रखने तथा उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से गौवंश के हित में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए सहयोग का आग्रह किया। इस दौरान विभिन्न पशुपालक एवं उनके प्रतिनिधि,प्रशासनिक अधिकारी गण सहित अन्य उपस्थित थे।

← पूरा आर्टिकल पढ़ें (Full Version)