thinQ360
🏠 टॉप 🔥 राजनीति 📍 राज्य 📰 लाइफ स्टाइल 🏏 खेल 🎬 मनोरंजन 📰 जालोर 👤 शख्सियत 💻 तकनीक ✍️ Blog ⭐ सफलता की कहानी 🚨 क्राइम 📰 मनचाही ▶️ YouTube
राजनीति

राहुल गांधी के जन्मदिन पर बोले संयम लोढ़ा: जनता की आवाज बनकर संघर्ष करना ही सच्ची राजनीति है

गणपत सिंह मांडोली
+Follow us
thinQ360 को गूगल पर फेवरेट बनाएँ
struggling as the voice of the people is true politics

शिवगंज।शुक्रवार 
नगर काँग्रेस कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री सलाहकार एवं पूर्व विधायक संयम लोढ़ा के मुख्य आतिथ्य में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का जन्मदिन कार्यक्रम आयोजित हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री सलाहकार संयम लोढ़ा ने कहा कि राहुल गांधी  का जन्मदिन केवल एक उत्सव का अवसर नहीं है, बल्कि उनके संघर्ष, विचारधारा और जनसेवा के संकल्प को स्मरण करने का दिन है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी  ने राजनीति को कभी सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं माना, बल्कि इसे आमजन की आवाज बनने और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करने का माध्यम बनाया है।

लोढ़ा ने कहा कि राहुल गांधी जी का जीवन संघर्षों से भरा रहा है। एक समय उन्हें केवल विरासत की राजनीति से जोड़कर देखा जाता था, लेकिन अपने संघर्ष, संवेदनशीलता और जनता के बीच रहकर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद राहुल गांधी जी ऐसे नेता के रूप में उभरे हैं, जिन्होंने देश के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी पीड़ा और समस्याओं को समझने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी ने सदैव किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, छोटे व्यापारियों एवं समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों की मजबूती से पैरवी की है। आज देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती युवाओं के भविष्य की है और राहुल गांधी जी लगातार युवाओं के रोजगार, शिक्षा एवं बेहतर अवसरों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

नीट परीक्षा विवाद का उल्लेख करते हुए लोढ़ा ने कहा कि जब हजारों विद्यार्थियों के भविष्य पर प्रश्नचिह्न लगा, तब राहुल गांधी  ने युवाओं की आवाज बनकर उनकी चिंताओं को मजबूती से उठाया। उन्होंने कहा कि कोटा सहित देशभर के विद्यार्थियों की समस्याओं को समझते हुए राहुल गांधी जी ने यह मांग रखी कि परीक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जिसमें मेहनत करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को न्याय और समान अवसर प्राप्त हो।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी का युवाओं के प्रति समर्पण केवल भाषणों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका उद्देश्य देश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर देना है।

 लोढ़ा ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा राहुल गांधी जी के जीवन का ऐतिहासिक अभियान रही है। हजारों किलोमीटर पैदल चलकर उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों में पहुंचकर आमजन की समस्याओं को सुना और समाज में प्रेम, भाईचारे एवं एकता का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा ने देश को यह संदेश दिया कि भारत की वास्तविक शक्ति उसकी विविधता, आपसी विश्वास और एकजुटता में निहित है। इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी जी ने किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं विभिन्न वर्गों के लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा।

लोढ़ा ने कहा कि राहुल गांधी जी लोकतंत्र की मजबूती के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने मतदाता सूची एवं चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी ने हमेशा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी है। चाहे बेरोजगारी का विषय हो, महंगाई की समस्या हो, किसानों की चिंता हो या सामाजिक न्याय का मुद्दा हो, उन्होंने आम जनता की आवाज को मजबूती प्रदान की है।

अपने संबोधन के अंत में श्री लोढ़ा ने कांग्रेसजनों से आह्वान किया कि वे राहुल गांधी  के विचारों एवं जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए जनता के मुद्दों के लिए निरंतर संघर्ष करें तथा समाज में प्रेम, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करें।

उन्होंने राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं देश सेवा के लिए निरंतर शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

कार्यक्रम को पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष श्री वजिंगराम घांची, नगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. हनवंत सिंह मेड़तिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री प्रवीण रावल, जिला कांग्रेस महासचिव श्री कुशल देवड़ा, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री प्रकाश मीणा एवं एनएसयूआई जिलाध्यक्ष श्री चंपालाल तिरगर ने भी संबोधित किया।

 कांग्रेसजनों केक काटकर हर्षोल्लास से मनाया जन्मदिवस , तत्पश्चात सभी कांग्रेसजन पूर्व विधायक श्रीमान संयम लोढ़ा के नेतृत्व में शिवगंज स्थित श्रीरामचंद्र गौशाला पहुंचे, जहां गायों, बछड़ों एवं नंदियों को गुड़ खिलाकर गौसेवा की गई।

कार्यक्रम में पूर्व यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष  सुरेश सिंह राव, मंडल अध्यक्ष  पन्नालाल, कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष जगवीर सिंह, पुरुषोत्तम मिन्हास, पार्षद किस्तूर चंद घांची, राजेंद्र सिंह, नगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष नजमा सिलावट, नफीसा बानो, भूराराम मधो, हड़मत सिंह देवड़ा, नारायण सोनी, दशरथ सिंह वेरा, राजकुमार, राहुल चावरिया, कपिल दाना, महिपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

शेयर करें: