राजस्थान की चर्चित साध्वी प्रेम बाईसा का जोधपुर में निधन: जोधपुर: राजस्थान की चर्चित साध्वी प्रेम बाईसा का संदिग्ध परिस्थितियों में निधन, आश्रम को किया गया सील

जोधपुर के पाल गांव स्थित आश्रम में साध्वी प्रेम बाईसा की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जोधपुर | राजस्थान की चर्चित आध्यात्मिक गुरु साध्वी प्रेम बाईसा का बुधवार शाम जोधपुर के पाल गांव स्थित उनके आश्रम में संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह उन्हें सांस लेने में तकलीफ महसूस हुई थी, जिसके बाद आश्रम में ही प्राथमिक उपचार दिया गया। हालांकि, स्थिति बिगड़ने पर उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए पाल गांव स्थित आश्रम को तुरंत सील कर दिया है और साध्वी के पार्थिव देह को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। साध्वी प्रेम बाईसा हाल ही में अजमेर में नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा संपन्न कर मंगलवार को ही आश्रम लौटी थीं। उनकी अचानक हुई मृत्यु से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

सूत्रों के अनुसार, साध्वी पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ वायरल हो रहे कुछ वीडियो और विवादों को लेकर मानसिक रूप से काफी आहत थीं। पिछले वर्ष भी वह एक बड़े सोशल मीडिया विवाद के कारण चर्चा में रही थीं, जिसके बाद उन्होंने अध्यात्म के क्षेत्र में अपनी सक्रियता और अधिक बढ़ा दी थी।

फिलहाल पुलिस मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस आश्रम के सीसीटीवी फुटेज और वहां मौजूद लोगों के बयानों के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके।