श्रीगंगानगर में पाक सिम पर प्रतिबंध: श्रीगंगानगर में पाकिस्तानी सिम कार्ड पर प्रतिबंध और रात का कर्फ्यू लागू
श्रीगंगानगर जिला मजिस्ट्रेट ने राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर पाकिस्तानी सिम कार्ड के उपयोग और सीमावर्ती इलाकों में रात के आवागमन पर पाबंदी लगा दी है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
श्रीगंगानगर | राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में राष्ट्रीय सुरक्षा को देखते हुए पाकिस्तानी सिम कार्ड के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। जिला मजिस्ट्रेट डॉ मंजू ने इस संबंध में आदेश जारी कर सुरक्षा चिंताओं को प्रमुख बताया है।
पाकिस्तानी मोबाइल टॉवरों का नेटवर्क भारतीय सीमा के भीतर तीन से चार किलोमीटर तक आता है। इस नेटवर्क के दुरुपयोग से सुरक्षा संबंधी गंभीर खतरा पैदा होने की आशंका बनी रहती है।
सीमा पर रात का कर्फ्यू
प्रशासन ने भारत पाक सीमा से सटे तीन किलोमीटर के दायरे में रात का कर्फ्यू भी लागू किया है। शाम सात बजे से सुबह छह बजे तक आम लोगों के आवागमन पर पूरी तरह से रोक रहेगी।
यह नियम श्रीगंगानगर और रायसिंहनगर सहित सीमा से सटे सभी प्रमुख उपखंडों पर लागू किया गया है। सिंचाई के लिए जाने वाले किसानों को सीमा सुरक्षा बल या सेना से विशेष अनुमति लेनी होगी।
स्थानीय निवासियों को इन सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या सुरक्षा अधिकारियों को देने की अपील की गई है।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और आगामी आदेशों तक प्रभावी रहेगा। सीमा सुरक्षा बल को इन आदेशों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।