Rajasthan: बाड़मेर: लव मैरिज विवाद में खूनी संघर्ष, युवक की नाक कटी, चाचा का पैर तोड़ा

बाड़मेर: लव मैरिज विवाद में खूनी संघर्ष, युवक की नाक कटी, चाचा का पैर तोड़ा
लव मैरिज पर खूनी जंग: नाक कटी, पैर टूटा
Ad

Highlights

  • बाड़मेर में लव मैरिज के बाद खूनी संघर्ष।
  • लड़की वालों ने लड़के के बड़े भाई की नाक काटी।
  • बदले में लड़के वालों ने लड़की के चाचा का पैर तोड़ा।
  • पुलिस ने दोनों पक्षों से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।

बाड़मेर: बाड़मेर (Barmer) में लव मैरिज (Love Marriage) के ढाई साल बाद हुए विवाद में खूनी संघर्ष हो गया। लड़की वालों ने लड़के के बड़े भाई उक सिंह (Uk Singh) की दरांती से नाक काट दी। बदले में लड़के वालों ने लड़की के चाचा धर्म सिंह (Dharm Singh) का पैर तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

यह सनसनीखेज घटना गुड़ामालानी थाना क्षेत्र के जीवाणियों की ढाणी में बुधवार शाम करीब 7:30 बजे हुई। इस हमले में घायल हुए लड़की के जेठ उक सिंह का इलाज सांचौर में चल रहा है, जबकि चाचा धर्म सिंह को जोधपुर रेफर किया गया है।

ढाई साल पहले हुई थी लव मैरिज

जानकारी के अनुसार, जीवाणियों की ढाणी निवासी 25 वर्षीय श्रवण सिंह ने लगभग ढाई साल पहले पड़ोस में रहने वाली एक लड़की से प्रेम विवाह किया था। इस लव मैरिज के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था।

श्रवण सिंह के बड़े भाई 35 वर्षीय उक सिंह और लड़की के चाचा 50 वर्षीय धर्म सिंह के परिवार के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था। श्रवण सिंह फिलहाल अपने परिवार के साथ गुजरात में रहता है।

बदले की फिराक में थे लड़की वाले

लव मैरिज से नाराज लड़की के घरवाले लंबे समय से बदला लेने की फिराक में थे। बुधवार शाम को उक सिंह अपने खेत से घर लौट रहा था, तभी घात लगाकर बैठे धर्म सिंह और उसके साथियों ने उस पर हमला कर दिया।

हमलावरों ने दरांती से उक सिंह की नाक काट दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उक सिंह किसी तरह अपने घर पहुंचा और अपने परिवार को घटना की जानकारी दी।

पहले युवक की नाक काटी, फिर चाचा का पैर तोड़ा

उक सिंह पर हुए हमले की खबर मिलते ही उसके घरवाले आक्रोशित हो उठे। वे तुरंत लड़की के घर पर पहुंचे और धर्म सिंह पर हमला बोल दिया।

इस मारपीट के दौरान धर्म सिंह के पैर तोड़ दिए गए, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों पक्षों के बीच हुए इस खूनी संघर्ष से इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस ने दोनों पक्षों के सात आरोपियों को दबोचा

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घायल उक सिंह और धर्म सिंह को गंभीर हालत में गुड़ामालानी हॉस्पिटल ले जाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद उक सिंह को सांचौर रेफर कर दिया गया, जबकि धर्म सिंह को जोधपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

उक सिंह के बयान के आधार पर धर्म सिंह पक्ष के शंकर सिंह, शैतान सिंह, तनसिंह और सुमेर सिंह को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, धर्म सिंह के बयान के आधार पर उक सिंह पक्ष के नारायण सिंह, आलम सिंह और जालम सिंह को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

Must Read: अलवर के पास दर्दनाक सड़क हादसे में पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह की पत्नी चित्रा सिंह का निधन

पढें क्राइम खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News) के लिए डाउनलोड करें thinQ360 App.

  • Follow us on :