जयपुर । शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की सफलताओं के कारण आज तिरंगा आसमान छू रहा है। इसरो के कारण हमारे चंद्रयान ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलता पूर्वक तिरंगा लहराया है। इसके लिए उन्होंने इसरो के वैज्ञानिकों को धन्यवाद दिया।
इसरो की सफलता से तिरंगा छू रहा आसमान: शिक्षा मंत्री
संबंधित खबरें
शिक्षा मंत्री रविवार को कोटा के विधानसभा क्षेत्र रामगंजमंडी के कृषि उपज मंडी समिति में इसरो द्वारा आयोजित विक्रम साराभाई स्पेस एग्जिबिशन में उपस्थित विद्यार्थियों और वैज्ञानिकों को संबोधित कर रहे थे।
दिलावर ने प्रदर्शनी के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि आप का ये प्रयास देश की आगामी पीढ़ी को इसरो से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगा। दो दिन के इस आयोजन में वैज्ञानिकों ने स्थानीय बच्चों का जो मार्गदर्शन किया है उससे निश्चित ही सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे और बच्चों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि जागृत होगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि आम आदमी और विशेषकर बच्चों के लिए इसरो का काम सपनो को साकार करने जैसा है। चंद्रमा पर पहुंचना परीकथाओं जैसा है जिसे इसरो ने साकार कर दिखाया है।
राजस्थान में शिक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए दिलावर ने कहा कि मुझे ये जानकर प्रसन्नता हुई है कि यहां आई इसरो वैज्ञानिकों की टीम में दो वैज्ञानिक राजस्थान के है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रदर्शनी के बाद आने वाले समय में रामगंजमंडी के छात्र भी इसरो के वैज्ञानिक बनेंगे।
संबंधित खबरें
शिक्षा मंत्री ने कहा कि रामगंजमंडी के सरकारी विद्यालयों मे उत्तम शिक्षा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। स्मार्ट क्लास, रोबोटिक लैब सहित अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। शीघ्र ही रामगंजमंडी में छात्राओं के लिए सैनिक स्कूल खोला जाएगा तथा आवासीय वेद विद्यालय भी रामगंजमंडी में शुरू होगा। शिक्षा को लेकर रामगंजमंडी में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
इसरो वैज्ञानिक ने शिक्षा मंत्री को भेंट किया चंद्रयान-3 का प्रोटोटाइप—
कार्यक्रम में उपस्थित इसरो वैज्ञानिकों की टीम के इंचार्ज परेश सरवैया ने शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरे भारत के चंद्रायन-3 का प्रोटोटाइप स्मृति चिन्ह के रूप में भेट किया। इस दौरान शिक्षा मंत्री दिलावर ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और स्टॉल पर मौजूद छात्रों से एक-एक मॉडल की बारीकी से जानकारी ली।
thinQ360