पाली में बड़ा खुलासा: कांग्रेस नेता भीमराज भाटी का बड़ा खुलासा, रोहट जम्बूरी में बेटियों का रेप हुआ, सीएम गहलोत को बताया लेकिन कुछ नहीं किया

महिला अपराधों के लिए बदनाम है Rajasthan, कांग्रेस से संबद्ध नेता का बड़ा और चौंकाने वाला बयान, पाली के विधायक रह चुके हैं भीमराज भाटी

पाली | पाली विधानसभा सीट पर सात बार और एक बार बाली समेत कुल जमा आठ विधानसभा लड़ चुके और एक बार विधायक रह चुके भीमराज भाटी का कहना है कि प्रदेश में महिलाओं की स्थिति विकट है।

उन्होंने बताया कि रोहट में राष्ट्रीय स्तरीय स्काउट जम्बूरी का आयोजन हुआ, वहां कई मासूम बेटियों के साथ दुष्कर्म हुआ था। परन्तु पाली के अफसर उस बात को दबा गए। भाटी का दावा है कि

उन्होंने अपने आधे घंटे की मुलाकात में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को इस बारे में बताया, परन्तु उन्होंने भी इस पर गंभीर मामले पर चुप्पी साधे रखी। 

आपको बता दें कि पाली में जनवरी 2023 में राष्ट्रीय स्तरीय जम्बूरी का आयोजन हुआ था। यहां राष्ट्रपति दौपदी मुर्मू ने 18वीं राष्ट्रीय स्काउट गाइड जम्बूरी का उद्घाटन किया था। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी यहां पहुंचे थे।

जिले के रोहट में आयोजित भव्य कार्यक्रम में राज्यपाल कलराज मिश्र और भारत स्काउट गाइड के अध्यक्ष अनिल जैन समेत कई मंत्री और विशिष्ट अतिथियों ने शिरकत की थी। 'शांति के साथ प्रगति' थीम पर आयोजित इस जम्बूरी में बांग्लादेश, केन्या, मलेशिया और अन्य देशों समेत भारत के विभिन्न राज्यों से करीब 37 हजार स्काउट और गाइड ने शिरकत की थी।

इस आवासीय जम्बूरी में दुष्कर्म जैसी गंभीर और जघन्य वारदात के बावजूद चुप्पी क्यों साधे रखी गई। यह सवाल चौंकाता है। परन्तु भीमराज भाटी कहते हैं कि एक नाबालिग जो सिर्फ 11 वर्ष की थी। उसने इस बारे में बताया भी परन्तु सबने इस बात को दबा दिया।

भीमराज भाटी का यह बयान बड़ा चौंकाने वाला है। प्रदेश महिला अपराधों के चलते पूरे देश में खासा बदनाम है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी से ही संबद्ध बड़े नेता का जिनसे मुख्यमंत्री आधे घंटे तक मिलते हैं, उनका यह बयान खासा मायने रखता है।