रेवदर। नंदगांव में इन दिनों गोऋषि स्वामी श्री दत्तशरणानंदजी महाराज के पावन सानिध्य एवं प्रेरणा से श्री सुरभि हरिहर चातुर्मास आराधना महोत्सव आयोजित हो रहा है। महोत्सव में देशभर से राजनीति से जुड़े जनप्रतिनिधियों, उद्योगपतियों, ब्यूरोक्रेट्स तथा साधु-संतों का निरंतर समागम हो रहा है। इसी क्रम में गुजरात सरकार के वन एवं पर्यावरण विभाग के कैबिनेट मंत्री अर्जुन मोरडिया तथा राज्यसभा सांसद एवं द्वारका पीठ ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबुभाई देसाई नंदगांव पहुंचे।
रेवदर: नंदगांव पहुंचे गुजरात के कैबिनेट मंत्री अर्जुन मोरडिया व राज्यसभा सांसद बाबुभाई देसाई, जगद्गुरु शंकराचार्य से लिया आशीर्वाद
गुजरात सरकार के मंत्री अर्जुन मोरडिया और सांसद बाबुभाई देसाई ने नंदगांव में चातुर्मास महोत्सव में भाग लिया। उन्होंने जगद्गुरु शंकराचार्य से आशीर्वाद प्राप्त किया और गोपूजन किया।
HIGHLIGHTS
- चातुर्मास महोत्सव में गोपूजन व गोपरिक्रमा, दोनों अतिथियों ने की नंदगांव की सराहना ।दोनों अतिथियों ने जगद्गुरु शंकराचार्य से मिलकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।उन्होंने चातुर्मास महोत्सव में गोपूजन और गोपरिक्रमा भी की।मंत्रियों ने नंदगांव को धर्म, संस्कृति और गोसेवा का प्रेरक केंद्र बताया।
संबंधित खबरें
नंदगांव पहुंचने पर चातुर्मास महोत्सव समिति ने दोनों अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। दोनों अतिथियों ने महोत्सव में विराजमान जगद्गुरु शंकराचार्यजी महाराज के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात उन्होंने गोमाता का विधिवत पूजन किया तथा गोपरिक्रमा कर श्रद्धा व्यक्त की।
नंदगांव धर्म, संस्कृति और गोसेवा का प्रेरक केंद्र—अर्जुन मोरडिया
गुजरात सरकार के वन एवं पर्यावरण विभाग के कैबिनेट मंत्री अर्जुन मोरडिया ने कहा कि नंदगांव पहुंचकर उन्हें अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति हुई है। यहां धर्म, संस्कृति, प्रकृति और गोसेवा का जो सुंदर संगम देखने को मिल रहा है, वह अत्यंत प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि गोमाता भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण आधार हैं। गोसेवा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति, संवेदनाओं और जीवन मूल्यों से जुड़ी हुई है। नंदगांव में जिस समर्पण और सेवा भावना के साथ गोसंरक्षण एवं धार्मिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं, वह समाज के लिए अनुकरणीय उदाहरण है।
संबंधित खबरें
उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कारों और सनातन परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
सेवा, संस्कार और सनातन चेतना का केंद्र है नंदगांव—बाबुजी देसाई
राज्यसभा सांसद एवं द्वारका पीठ ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबुभाई देसाई ने अपने संबोधन में कहा कि नंदगांव केवल एक धार्मिक स्थल नहीं बल्कि सेवा, संस्कार और सनातन चेतना का जीवंत केंद्र है। यहां का आध्यात्मिक वातावरण और गोमाता के प्रति समर्पण भाव अत्यंत प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि गोमाता भारतीय ग्रामीण जीवन, कृषि परंपरा और सनातन संस्कृति से गहराई से जुड़ी हुई हैं। गोसंरक्षण और गोसेवा को केवल धार्मिक दृष्टि से नहीं बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक जिम्मेदारी के रूप में भी देखना चाहिए।
बाबुभाई देसाई ने नंदगांव में संचालित गोसेवा कार्यों तथा चातुर्मास महोत्सव की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि जिस भाव और समर्पण के साथ यहां धर्म एवं गोसेवा के कार्य हो रहे हैं वह समाज के लिए प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे केंद्र सनातन संस्कृति की चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर श्री गोधाम महातीर्थ पथमेड़ा के कार्यकारी अध्यक्ष रघुनाथसिंह राजपुरोहित, सीईओ आलोक सिंहल, वरिष्ठ ट्रस्टी देवाराम जागरवाल, भरतसिंह बसंत, ब्रह्मदत्त राजपुरोहित, रामचन्द्र नेहरा, दिनेश बालेरा, जयेश भाई सहित महोत्सव से जुड़े पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। मंच संचालन किशोरजी शास्त्री, डीसा ने किया एवं स्वागत उद्बोधन रविकुमार निजी सहायक ने किया।