जानकारी के अनुसार, लखीमपुर खीरी जिले के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की 39 छात्राएं कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं।
ऐसे में सूबे के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने सभी कोरोना पॉजिटिव 39 छात्राओं के उचित इलाज के लिए स्वास्थ्य विभाग को दिशा निर्देश दिए हैं।
लखीमपुर खीरी में मिले ये नए कोरोना संक्रमित इस साल एक दिन में पूरे जिले में मिले सबसे ज्यादा मरीज हैं।
लखीमपुर खीरी के सीएमओ डॉ. संतोष कुमार गुप्ता ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पहले कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की एक छात्रा कोरोना से ग्रसित होना सामने आई थी। जिसके बाद छात्रा की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के लिए 92 छात्राओं के सैंपल लिए गए थे, जिनमें से 39 सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं।
बताया जा रहा है कि, कोरोना से संक्रमित पाई गई सभी छात्राएं ठीक हैं। अब सभी को क्वारंटाइन किया गया है।
आवासीय विद्यालय होने के चलते यहां कई कर्मचारी और शिक्षक भी रह रहे हैं।
इस संबंध में सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता का कहना है कि, सभी छात्राओं के स्वास्थ्य पर हम नजर बनाए हुए हैं। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति के लिए कस्तूरबा स्कूल में एक एम्बुलेंस भी तैनात की गई है। साथ ही मोतीपुर में एक मदर एंड चाइल्ड विंग को परिसर में किसी भी चिकित्सा आवश्यकता के लिए तैयार रखने को कहा गया है।