आबूरोड | उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल के अंतर्गत आने वाले आबूरोड रनिंग रूम ने भारतीय रेलवे में अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। रेलवे बोर्ड ने इसे अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार 2025 के तहत उत्कृष्ट रनिंग रूम शील्ड के लिए चुना है। यह उपलब्धि न केवल अजमेर मंडल बल्कि पूरे उत्तर पश्चिम रेलवे के लिए गौरव का विषय है। इस चयन के साथ ही आबूरोड रनिंग रूम अब देश के अन्य रेल मंडलों के लिए एक मिसाल बन गया है।
रेल मंत्री प्रदान करेंगे प्रतिष्ठित सम्मान
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आगामी 9 जनवरी को दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर, द्वारका में आयोजित एक भव्य समारोह में यह शील्ड प्रदान करेंगे। इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ और मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहकर यह सम्मान ग्रहण करेंगे। मंडल रेल प्रबंधक ने इस सफलता का श्रेय यांत्रिक विभाग के समर्पित कर्मचारियों और अधिकारियों की कड़ी मेहनत को दिया है।