जयपुर | बीजेपी के सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय ने कांग्रेस सांसदों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राजस्थान के सांसदों का पैसा हरियाणा के क्षेत्र में खर्च किया जा रहा है. मालवीय के अनुसार संजना जाटव, राहुल कसवां और बृजेंद्र ओला ने अपने एमपी फंड के पैसे को कैथल विधानसभा में खर्च करने की सिफारिश की है.
अमित मालवीय के आरोप
अमित मालवीय ने अपने पोस्ट में लिखा कि कांग्रेस से बड़ी कोई धोखेबाज पार्टी नहीं हो सकती. राजस्थान के करदाताओं के पैसे का खुला दुरुपयोग किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि भरतपुर की सांसद संजना जाटव, चूरू के सांसद राहुल कसवां और झुंझुनूं के सांसद बृजेंद्र ओला ने अपने फंड को हरियाणा के कैथल क्षेत्र में लगाने की बात कही है.
मालवीय ने आगे कहा कि कैथल विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला के बेटे का निर्वाचन क्षेत्र है. उन्होंने इसे विकास नहीं बल्कि वंशवाद और जनता के पैसे की खुली लूट करार दिया है. मालवीय ने सवाल उठाया कि राजस्थान के लोगों का पैसा सुरजेवाला जूनियर के लिए हरियाणा में क्यों दिया जा रहा है.