बांसवाड़ा | राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के बागीदौरा कस्बे में पुलिस ने तब्लीगी जमात से जुड़े 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। ये सभी लोग गुजरात के गोधरा से धार्मिक प्रचार के उद्देश्य से आए थे, लेकिन स्थानीय प्रशासन को इसकी कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और समझाइश के दौरान इन लोगों ने उग्र व्यवहार किया, जिससे क्षेत्र में शांति भंग होने की स्थिति पैदा हो गई।
बिना अनुमति के हो रहा था प्रचार
पुलिस को सूचना मिली थी कि गोधरा से तब्लीगी जमात की एक टीम पिछले दो दिनों से बागीदौरा और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग टुकड़ियों में घूम रही है। कलिंजरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बागीदौरा मस्जिद के पास इन लोगों को रोका। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे रमजान से पहले धार्मिक जागरूकता फैलाने के लिए आए हैं। हालांकि, उन्होंने क्षेत्र में प्रवेश या किसी भी गतिविधि के लिए पुलिस या स्थानीय प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली थी।