बाड़मेर | राजस्थान के बाड़मेर जिले में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने नशे के खिलाफ अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह पूरी कार्रवाई शहर के सेंट पॉल स्कूल के ठीक सामने शिवकर रोड पर अंजाम दी गई जहां आरोपी नशीली गोलियों की बड़ी खेप के साथ किसी का इंतजार कर रहा था।
पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त कार्रवाई
एसपी नरेंद्र सिंह मीना के कड़े निर्देशों के बाद जिले में नशे की तस्करी की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान एएनटीएफ चौकी प्रभारी महिपालसिंह को विश्वसनीय मुखबिर से नशीली दवाओं की तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना पर त्वरित एक्शन लेते हुए एएनटीएफ और रीको थाना पुलिस ने मिलकर एक संयुक्त टीम बनाई और चिन्हित स्थान पर दबिश दी। पुलिस को वहां एक संदिग्ध युवक प्लास्टिक का कट्टा लिए खड़ा दिखाई दिया जिसकी तलाशी लेने पर पुलिस के होश उड़ गए।