बीकानेर | राजस्थान के बीकानेर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक ईंट भट्ठे के निर्माण ने देश की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती पैदा कर दी है। खाजूवाला क्षेत्र में सीमा से महज ढाई किलोमीटर की दूरी पर 100 फीट से भी ऊंची चिमनी खड़ी कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों ने इस विशाल निर्माण पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए इसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताया है। यह चिमनी पाकिस्तान की सीमा चौकियों से साफ दिखाई देती है जिससे तस्करी की आशंका बढ़ गई है।
ड्रोन तस्करी के लिए आसान लैंडमार्क
सुरक्षा एजेंसियों को अंदेशा है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियां और तस्कर इस ऊंची चिमनी को एक लैंडमार्क के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे ड्रोन के जरिए हथियारों और मादक पदार्थों की सटीक डिलीवरी करना बेहद आसान हो जाएगा। गौरतलब है कि खाजूवाला और आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों में पहले भी ड्रोन के जरिए हेरोइन और अवैध हथियारों की तस्करी के कई मामले सामने आ चुके हैं। ऐसी स्थिति में इतनी ऊंची संरचना तस्करों के नेविगेशन को और भी सुगम बना देगी।