जैसलमेर | नए साल के जश्न के बीच राजस्थान के जैसलमेर जिले से सटी भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता एक बार फिर काम आई है। सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने नाचना सेक्टर में घने कोहरे के बीच सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक पाकिस्तानी नागरिक को हिरासत में लिया है। यह घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है जब इलाके में नियमित गश्त चल रही थी और बॉर्डर पर पहले से ही हाईअलर्ट घोषित था।
कोहरे की आड़ में घुसपैठ की कोशिश
बीएसएफ की 72वीं बटालियन के जवान नाचना क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कड़ी निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान शाम ढलने के साथ हल्का कोहरा फैलने लगा और विजिबिलिटी काफी कम हो गई। कम विजिबिलिटी के बीच संतरी की नजर सीमा पार से भारतीय इलाके की ओर बढ़ते एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी। संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और जवानों ने पूरे इलाके में घेराबंदी शुरू कर दी।