नई दिल्ली | इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। चीनी ऑटोमोबाइल कंपनी BYD ने बिक्री के मामले में एलन मस्क की कंपनी टेस्ला को पीछे छोड़ दिया है। साल 2025 के आंकड़ों के अनुसार BYD अब दुनिया की सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक कारें बेचने वाली कंपनी बन गई है। कंपनी की इस सफलता ने वैश्विक ऑटोमोबाइल बाजार में चीन के बढ़ते प्रभुत्व को एक बार फिर साबित कर दिया है।
चीनी दिग्गज BYD की बैटरी से चलने वाली कारों की बिक्री में साल 2025 के दौरान लगभग 28 प्रतिशत की शानदार बढ़ोतरी देखी गई। कंपनी ने इस दौरान कुल 22.5 लाख से अधिक वाहन बेचे। दूसरी ओर एलन मस्क की कंपनी टेस्ला के लिए यह साल चुनौतीपूर्ण रहा। टेस्ला ने 2025 में कुल 16.4 करोड़ इलेक्ट्रिक वाहन बेचे जो 2024 के मुकाबले 9 प्रतिशत कम हैं। यह लगातार दूसरा साल है जब टेस्ला की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई है।
टेस्ला की बिक्री घटने के मुख्य कारण
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार टेस्ला की घटती लोकप्रियता के पीछे दो प्रमुख कारण हैं। पहला कारण एलन मस्क की राजनीतिक सक्रियता और उनके दक्षिणपंथी बयानों से ग्राहकों में उपजी नाराजगी है। इसे बाजार में कस्टमर रिवोल्ट के रूप में देखा जा रहा है। दूसरा बड़ा कारण वैश्विक स्तर पर बढ़ती प्रतिस्पर्धा है। BYD जैसी कंपनियां चीन और अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में टेस्ला के मुकाबले कम कीमत पर बेहतर फीचर्स वाले मॉडल्स पेश कर रही हैं।