अजमेर: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से जुड़े स्कूलों में 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं और 10वीं का आंतरिक मूल्यांकन 1 जनवरी से 14 फरवरी तक होगा। लैब से ग्रुप फोटो अपलोड करनी होगी।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के लिए कक्षा 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाओं और कक्षा 10वीं के आंतरिक मूल्यांकन के संबंध में महत्वपूर्ण दिशानिर्देश जारी किए हैं। ये परीक्षाएं और मूल्यांकन प्रक्रिया 1 जनवरी से शुरू होकर 14 फरवरी तक चलेगी। बोर्ड ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर इस संबंध में विस्तृत एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) पहले ही उपलब्ध करा दी है, जिसका पालन करना सभी संबद्ध स्कूलों के लिए अनिवार्य है।
प्रैक्टिकल परीक्षाओं के लिए नए दिशानिर्देश
सीबीएसई ने प्रैक्टिकल परीक्षाओं के संचालन के तरीके में एक बड़ा बदलाव किया है। स्कूलों को एक विशेष ऐप का लिंक प्रदान किया जाएगा, जिसके माध्यम से उन्हें लैब में आयोजित होने वाली प्रैक्टिकल परीक्षाओं के प्रत्येक बैच की सामूहिक तस्वीर खींचकर अपलोड करनी होगी। प्रत्येक बैच में अधिकतम 30 छात्र होंगे। इस तस्वीर में छात्रों के साथ-साथ पर्यवेक्षक, बाहरी परीक्षक और आंतरिक परीक्षक का भी शामिल होना अनिवार्य है।