सिरोही | राजस्थान के सिरोही जिले में सरकारी स्कूलों में मिड डे मील योजना के अंतर्गत भोजन पकाने वाली सैकड़ों कुक कम हेल्पर्स ने अपने अधिकारों के लिए हुंकार भरी है। संघ के मुख्य संरक्षक डॉक्टर उदयसिंह डिंगार के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर सत्याग्रह किया और मानदेय वृद्धि की पुरजोर मांग की। प्रदर्शनकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि यदि उनकी मांगे नहीं मानी गईं तो वे भविष्य में राज्य स्तर पर बड़ा जन आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगी।
शोषण के खिलाफ उठी बुलंद आवाज
सत्याग्रह के दौरान कर्मचारी नेता छैलसिंह अंगोर और वीसाराम मेघवाल ने बताया कि वर्तमान में कुक कम हेल्पर्स को केवल 2297 रुपये का मासिक मानदेय दिया जा रहा है। उन्होंने इसे शोषण की पराकाष्ठा करार देते हुए कहा कि आज के महंगाई के दौर में इतनी कम राशि में परिवार चलाना असंभव है। अन्य मानदेय कर्मियों को न्यूनतम मजदूरी के अनुसार 7410 रुपये मिल रहे हैं लेकिन कुक कम हेल्पर्स के साथ भेदभाव किया जा रहा है। कुक कम हेल्पर्स ने अपनी मांग रखते हुए कहा कि उन्हें कुशल श्रमिक की दर से 8034 रुपये का मासिक मानदेय मिलना चाहिए ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें।