दिल्ली में स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित
दिल्ली में आई बाढ़ को लेकर गुरूवार को सीएम अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने जानकारी देते हुए कहा कि दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की बैठक में दिल्ली के सभी स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी को रविवार तक बंद करने का फैसला लिया गया है।
सीएम केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि, यमुना में जलस्तर बढ़ने के बाद पैदा हुए हालात पर आज DDMA की बैठक हुई।
जिसमें दिल्ली में सभी स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी को रविवार तक के लिए बंद किया जा रहा है।
सभी गैर अनिवार्य सरकारी दफतरों को वर्क फ्रॉम होम किया जा रहा है साथ ही प्राइवेट ऑफ़िस को भी वर्क फ्रॉम होम लागू करने की एडवाइज़री जारी की जा रही है।
इसी के साथ उन्होंने कहा कि, वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद होने से पानी की सप्लाई 25 प्रतिशत तक प्रभावित होगी। इसलिए पानी की राशनिंग की जाएगी।
यमुना नदी के बढ़ते जल स्तर को देखते हुए एहतियात के तौर पर दिल्ली में ज़रूरी सेवाओं वाले बड़े वाहनों को ही आने की इजाज़त दी जाएगी।
सिंघू बॉर्डर, बदरपुर बॉर्डर, लोनी बॉर्डर और चिल्ला बॉर्डर से माल ढुलाई करने वाले भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, जम्मू और कश्मीर, उत्तराखंड से आने वाली अंतरराज्यीय बसें आईएसबीटी कश्मीरी गेट न जाकर सिंघू बॉर्डर पर ही रुक जाएंगी।
आवश्यक सेवाओं जैसे खाद्य पदार्थ और पेट्रोलियम उत्पादों को लाने वाले वाहनों पर कोई प्रतिबंध नहीं है।
सभी दिल्लीवासी धैर्य रखें, जल्द पानी का स्तर कम होगा और स्थिति सामान्य होगी।