जालोर | लगातार पंद्रह दिनों से जारी अनशन को मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, भीनमाल विधायक समरजीत सिंह, गंगा सिंह परमार, पूर्व आईएएस रविंद्र सिंह बालावत और दीप सिंह धनानी के विशेष आग्रह पर पीड़ित परिवार और सर्व समाज ने स्थगित कर दिया है।
जोगेश्वर गर्ग ने राजस्थान सरकार के आश्वासन पर अनशन को स्थगित करने का निर्णय लिया। इस दौरान, बासडा, धनजी, धानसा, सेरना, मोदरान, लूर, जोड़वाड़ा, भीमपुरा और बोरटा गाँव के लोग गणपत सिंह हत्याकांड के विरोध में अनशन पर बैठे थे।
साथ ही, सीबीआई जांच की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर जालोर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि गणपत सिंह की हत्या के मामले का खुलासा करने में पुलिस प्रशासन की लापरवाही के कारण पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला है।
ज्ञापन में बताया गया कि 28 अगस्त 2024 को गणपत सिंह पुत्र रणसिंह, जाति-राजपूत, निवासी-मांडोली, जिला जालोर की निर्मम हत्या को लगभग दो महीने हो चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। पुलिस केवल आश्वासन दे रही है, जिससे पीड़ित परिवार में चिंता और भय का माहौल बना हुआ है।