जयपुर: इथियोपिया (Ethiopia) में ज्वालामुखी फटने के बाद भारत में अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स प्रभावित रहीं। राजस्थान (Rajasthan) और गुजरात (Gujarat) पर राख के कणों का असर होने की आशंका थी, हालांकि मौसम विभाग ने अब यह आसमानी खतरा टलने की पुष्टि की है।
रविवार को इथियोपिया में हुए ज्वालामुखी विस्फोट के बाद भारत में काफी हलचल देखने को मिली। इस घटना के चलते सोमवार और मंगलवार को देश में कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुईं। शुरुआत में यह आशंका जताई जा रही थी कि ज्वालामुखी से निकली राख के कण राजस्थान और गुजरात के कुछ हिस्सों में पहुंच सकते हैं, जिससे वायु गुणवत्ता और दृश्यता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
राजस्थान पर टला आसमानी आफत का खतरा
हालांकि, राजस्थान और गुजरात के लिए अब राहत की खबर सामने आई है। मौसम विभाग ने पुष्टि की है कि आसमान से आने वाली यह संभावित आफत अब टल चुकी है। राजस्थान के मौसम विभाग ने इस संबंध में गहरी सांस ली है और संकेत दिए हैं कि फिलहाल यह संकट प्रदेश से दूर हो गया है। भारतीय मौसम विभाग ने पहले अनुमान लगाया था कि ज्वालामुखी विस्फोट के बाद उड़ी राख से देश के कुछ हिस्सों में विपरीत प्रभाव देखने को मिल सकता है, जिसके बाद राजस्थान का मौसम विभाग पूरी तरह से अलर्ट पर था और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए था।