दक्षिण जोन कश्मीर पुलिस ने बताया है कि भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और खुफिया एजेंसियों की ओर से शुरू किए गए संयुक्त ऑपरेशन में आज शनिवार को उरी सेक्टर, बारामूला में नियंत्रण रेखा के पास घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया गया।
सेना ने घुसपैठ कर रहे तीन आतंकवादियों को मार गिराया है। दो आतंकियों के शव मिल गए हैं जबकि, तीसरे आतंकी का शव बरामद करने में पाकिस्तानी गोलीबारी के कारण दिक्कत आ रही है।
अनंतनाग में चौथे दिन भी जारी है मुठभेड़
वहीं दूसरी ओर, जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग के कोकरनाग में चौथे दिन भी सुरक्षाबलों का ऑपरेशन जारी है।
भारतीय सेना यहां छिपे आतंकियों पर नजर बनाए हुए है। पहाड़ी और जंगल से घिरे इलाकों में छिपे आतंकियों को तलाशने में भारतीय सेना के हेलीकॉप्टर और ड्रोन कैमरे लगे हुए हैं।
भारतीय सेना की आतंकियों के साथ अनंतनाग के पहाड़ी इलाके में चल रही मुठभेड़ को देखकर कारगिल की यादें ताजा होने लगी हैं।
यहां भी कारगिल की तरह ही आतंकी ऊंचाई से गोलीबारी कर रहे हैं और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे हैं।
ऊंचाई पर होने की वजह से इनके सही ठिकाने का पता नहीं लगाया जा पा रहा है। ऐसे में भारतीय जवान नीचे धरातल से उनसे लौहा ले रहे हैं।
इस मुठभेड़ में सेना के एक कर्नल, एक मेजर, जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीएसपी और एक जवान शहीद हो गए हैं।