जयपुर | जयपुर में 15 जनवरी को होने वाली सेना दिवस 2026 की मुख्य परेड की तैयारियां इन दिनों पूरे शबाब पर हैं। इस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान जयपुर की सड़कों पर फौजी बूटों की धमक के साथ लोहे के पैरों की खनक गूंज रही है।
अत्याधुनिक रोबोटिक डॉग्स का प्रदर्शन
भारतीय सेना ने अपनी सबसे एडवांस तकनीक यानी रोबोटिक डॉग्स को जयपुर की परेड में पहली बार सार्वजनिक रूप से उतारा है। इस तकनीक को देखने वालों की सांसें थम जाती हैं क्योंकि यह देखने में किसी साइंस फिक्शन फिल्म जैसा लगता है।
ये रोबोटिक डॉग्स महज़ खिलौने नहीं हैं बल्कि जंग के मैदान में पासा पलटने वाले आधुनिक हथियार साबित होंगे। इन्हें तकनीकी भाषा में म्यूल यानी मल्टी यूटीलिटी लेगी इक्विपमेंट के नाम से जाना जाता है।