Jaipur | भारतीय रेलवे ने आज यानी 26 दिसंबर से यात्री किराए में बढ़ोतरी का फैसला लागू कर दिया है। इस नए बदलाव के तहत अब लंबी दूरी की रेल यात्रा करना महंगा हो जाएगा। रेलवे ने प्रति किलोमीटर 2 पैसे के हिसाब से किराए में वृद्धि की है। यह नियम उन सभी यात्रियों पर लागू होगा जो 215 किलोमीटर से अधिक का सफर तय करने के लिए आज या आज के बाद टिकट बुक करेंगे। उदाहरण के तौर पर, यदि आप भोपाल से दिल्ली के बीच लगभग 700 किलोमीटर की यात्रा करते हैं, तो अब आपको अपनी टिकट के लिए करीब 14 से 16 रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे। इसी तरह, 1000 किलोमीटर की दूरी तय करने वाले यात्रियों को अब अपनी जेब से 20 रुपये ज्यादा देने होंगे।
पुराने टिकटों पर नहीं लगेगा एक्स्ट्रा चार्ज
रेलवे ने उन लाखों यात्रियों को बड़ी राहत दी है जिन्होंने आज की तारीख यानी 26 दिसंबर से पहले ही अपनी यात्रा के लिए टिकट बुक करा लिए थे। रेलवे के अनुसार, पहले से बुक किए गए टिकटों पर कोई भी अतिरिक्त शुल्क या रिवाइज्ड किराया देय नहीं होगा। हालांकि, यदि कोई यात्री आज ट्रेन के भीतर सफर के दौरान टीटीई (TTE) से टिकट बनवाता है या फिर रेलवे स्टेशन के काउंटर से नया टिकट लेता है, तो उसे बढ़ी हुई दरों के हिसाब से ही भुगतान करना होगा। यह नियम ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह की बुकिंग पर समान रूप से लागू होगा।