जयपुर: जयपुर (Jaipur) के ब्रह्मपुरी थाना (Brahmpuri Police Station) इलाके में बुधवार को बाइक पार्किंग (bike parking) पर विवाद हिंसक हो गया। एक पक्ष ने थाने का घेराव कर नारेबाजी की। विधायक बाल मुकुंद आचार्य (MLA Bal Mukund Acharya) को स्थिति संभालने मौके पर आना पड़ा।
राजधानी जयपुर के ब्रह्मपुरी थाना इलाके में बुधवार देर रात एक सामान्य-सा विवाद अचानक बड़े बवाल में बदल गया। पौंड्रिक उद्यान के पास बाइक पार्किंग को लेकर शुरू हुआ यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने ब्रह्मपुरी थाने का घेराव कर दिया और जमकर नारेबाजी की। हालात की गंभीरता को देखते हुए कई थानों का पुलिस बल बुलाया गया।
विवाद की शुरुआत कैसे हुई?
पुलिस और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, इस विवाद की जड़ ठेले के पास एक ग्राहक द्वारा अपनी बाइक खड़ी करने की बात थी। एक पक्ष का कहना है कि वे अपने परिवार के साथ गोलगप्पे खाने के लिए वहां पहुंचे थे। मामूली कहा-सुनी के बाद, दूसरे पक्ष ने उनके साथ बदतमीजी करते हुए मारपीट शुरू कर दी।