जयपुर | राजस्थान की राजधानी जयपुर के खातीपुरा तिराहे पर शनिवार शाम को पूर्व डीजी नवदीप सिंह और स्थानीय लोगों के बीच तीखी झड़प का मामला सामने आया है। यह घटना उस समय हुई जब इलाके में एक पौषबड़ा प्रसादी कार्यक्रम के चलते भारी ट्रैफिक जाम लगा हुआ था। जाम में फंसे पूर्व डीजी की वहां मौजूद लोगों से कहासुनी हो गई जो देखते ही देखते विवाद और धक्का मुक्की में तब्दील हो गई। इस घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
पौषबड़ा कार्यक्रम के दौरान लगा था लंबा जाम
खातीपुरा तिराहे पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में भाजपा नेता लालचंद कटारिया और विधायक गोपाल शर्मा सहित कई अन्य नेता भी उपस्थित थे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की मौजूदगी के कारण मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। इसी दौरान पूर्व डीजी नवदीप सिंह का वाहन भी इस जाम में फंस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रास्ता खाली कराने की बात को लेकर विवाद की शुरुआत हुई थी जो देखते ही देखते हिंसक हो गई।