जयपुर: जयपुर में पुलिस ने समलैंगिक संबंध के नाम पर सेक्सटॉर्शन करने वाले बदमाश को गिरफ्तार किया। गैंग 'एनकाउंटर' (Encounter) एप से युवकों को फंसाकर, अश्लील वीडियो बनाकर लूटपाट करती थी।
खोरा बीसल थाना क्षेत्र में समलैंगिक युवकों को ब्लैकमेल कर लूटने का यह मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को इस शातिर गिरोह के एक मुख्य आरोपी विशाल सिंह (28) को गिरफ्तार किया है। विशाल सिंह नांगल जैसा बोहरा (खोरा बीसल) का निवासी है। पुलिस को उसके लूटपाट में शामिल होने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
'एनकाउंटर' एप के जरिए फंसाते थे शिकार
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी विशाल सिंह अपनी गैंग के साथ मिलकर 'एनकाउंटर' नाम के एक मोबाइल एप्लीकेशन का इस्तेमाल करता था। इस एप के जरिए वे उन युवकों से संपर्क साधते थे, जो समलैंगिक संबंध बनाने में रुचि रखते थे। बातचीत के बाद, इन युवकों को खोरा बीसल क्षेत्र में किराए के एक मकान पर बुलाया जाता था।