जैसलमेर, 16 अगस्त 2025 | आज जैसलमेर जिले की फतेहगढ़ तहसील के अंतर्गत लक्ष्मणसर गाँव, पोस्ट डांगरी में पर्यावरण संरक्षण और अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल हुई। एमआरएस ग्रीन एनर्जी (MRS Green Energy) द्वारा प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (PM-KUSUM) के अंतर्गत 2 मेगावाट एसी ग्रिड कनेक्टेड सोलर पीवी प्लांट का उद्घाटन बड़े हर्षोल्लास के साथ किया गया।
इस शुभ अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्यजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि के तौर पर यूनाइटेड ग्लोबल पीस फाउंडेशन के चेयरमैन मेघराज सिंह रॉयल, निदेशक शक्ति सिंह बांदीकुई, सामाजिक उद्यमी एवं परियोजना संचालक राघवेंद्र सिंह शेखावत, मानवेन्द्र सिंह रॉयल सहित कई जनप्रतिनिधि व सरपंच प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

एक भी पेड़ नहीं काटा गया, सैकड़ों पौधे लगाए जाएंगे
परियोजना संचालक राघवेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि इस सोलर पार्क की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि परियोजना निर्माण के दौरान एक भी पेड़ नहीं काटा गया। इसके विपरीत, एमआरएस ग्रीन एनर्जी और यूनाइटेड ग्लोबल पीस फाउण्डेशन मिलकर आने वाले समय में सैकड़ों स्वदेशी प्रजातियों के पौधों का वृक्षारोपण करेंगे।



