जालोर | राजस्थान के जालोर शहर में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में एक भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। शहर के तीन प्रमुख स्थानों पर एक साथ आयोजित इस कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र को उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया।
इस विशेष अवसर पर शहर की गौडिजी बस्ती, रामदेव कॉलोनी और हनुमान बस्ती में हिंदू सम्मेलन के दौरान भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं। इन यात्राओं में शामिल श्रद्धालु पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में नजर आए, जो राजस्थान की समृद्ध संस्कृति का परिचय दे रहे थे।
मिट्टी से बना स्वर्णगिरि दुर्ग रहा आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम का सबसे अनूठा हिस्सा हनुमान शाला स्कूल में देखने को मिला, जहां कलाकारों ने मिट्टी से जालोर के ऐतिहासिक स्वर्णगिरि दुर्ग की एक सुंदर प्रतिकृति तैयार की थी। यह मिट्टी का किला वहां मौजूद लोगों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र बना रहा और हर कोई इस कलाकृति की सराहना करता नजर आया।