जालोर। प्रेम नगर स्थित क्षेमंकरी माताजी मंदिर में माली समाज सोलंकी लायसा परिवार सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित भव्य नवरात्रि गरबा महोत्सव में राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक, कैबिनेट मंत्री एवं जालोर विधायक जोगेश्वर गर्ग ने रविवार को अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर उन्होंने सर्वप्रथम खीमज माताजी मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया, जिसके बाद वे भक्तिमय गरबा महोत्सव स्थल पर पहुंचे।
भव्य स्वागत और सम्मान
महोत्सव स्थल पर पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री गर्ग का माली समाज सोलंकी लायसा परिवार सेवा संस्थान के पदाधिकारियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया। संस्था संरक्षक गोपाराम माली, अध्यक्ष जुठाराम सोलंकी, उपाध्यक्ष दिलीप सोलंकी, मंत्री एडवोकेट सुरेश सोलंकी, कार्यक्रम संयोजक छोगालाल माली, कोषाध्यक्ष कमलेश सोलंकी, प्रसार मंत्री हुकमीचंद सोलंकी और रमेश सोलंकी सहित अन्य सदस्यों ने मंत्री महोदय को साफा पहनाकर, माला भेंट कर और स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान समाज के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी उपस्थित थे, जिन्होंने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।