जयपुर, 26 जून, बुधवार | एंटी करप्शन ब्यूरो (ए.सी.बी.) मुख्यालय के निर्देश पर ए.सी.बी. जालोर इकाई द्वारा आज एक महत्वपूर्ण कार्यवाही करते हुए मारवाड़ पत्रिका, जालोर के पत्रकार मुकेश कुमार सुन्देशा (प्राईवेट व्यक्ति) को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। मुकेश 2009 में जालोर से सांसद का चुनाव लड़ चुका है और अलग—अलग राजनीतिक पार्टियों से जुड़ा रहा है। एनसीपी के पद पर रहने के बाद वह हाल ही में कांग्रेस से जुड़ा और उसके कई फोटो लोकसभा प्रत्याशी वैभव गहलोत के साथ भी नजर आए थे।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने बताया कि परिवादी की शिकायत पर यह कार्यवाही की गई। शिकायत में बताया गया था कि सरकारी कार्य में दलाली कर कमाई करवाने और अखबार में खबरें नहीं छापने के एवज में आरोपी मुकेश कुमार सुन्देशा ने 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।


