कोटा: देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-एडवांस्ड 2026 (JEE-Advanced 2026) की तारीख घोषित कर दी गई है। यह परीक्षा 17 मई, रविवार को आयोजित होगी और इसकी जिम्मेदारी आईआईटी रुड़की (IIT Roorkee) को सौंपी गई है। इसके माध्यम से देशभर के 23 आईआईटी (IIT) संस्थानों की 18,160 सीटों पर प्रवेश मिलेगा।
जेईई-एडवांस्ड 2026 की घोषणा शुक्रवार रात को आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट करके की गई। इस वर्ष, देश के शीर्ष 23 भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) में कुल 18,160 सीटों पर प्रवेश के लिए यह परीक्षा महत्वपूर्ण है। छात्रों को इस घोषणा का बेसब्री से इंतजार था, जो अब समाप्त हो गया है।
आईआईटी रुड़की को मिली जिम्मेदारी
जेईई-एडवांस्ड परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी इस बार आईआईटी रुड़की को सौंपी गई है। यह संस्थान पहले भी इस प्रतिष्ठित परीक्षा का सफल संचालन कर चुका है। काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि पिछले 20 सालों के रिकॉर्ड के अनुसार, हर छह साल में रोटेशन के आधार पर किसी एक आईआईटी को परीक्षा आयोजित करने का दायित्व सौंपा जाता है।