जयपुर: जल जीवन मिशन (Jal Jeevan Mission) घोटाले में सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) से जमानत मिलने के बाद पूर्व मंत्री महेश जोशी (Mahesh Joshi) ने आज ईडी कोर्ट (ED Court) पहुंचकर अपना पासपोर्ट सरेंडर कर दिया। जोशी को सशर्त जमानत मिली है।
पूर्व मंत्री महेश जोशी ने सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आते ही यह कदम उठाया है। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें सशर्त जमानत देते हुए पासपोर्ट सरेंडर करने और बिना अनुमति देश नहीं छोड़ने की शर्त लगाई थी। जोशी सुबह ईडी कोर्ट पहुंचे और अपना पासपोर्ट जमा करवाया।
जोशी ने इस मामले में कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वे अभी तक जेल में थे और अब जमानत पर बाहर आए हैं। उन्होंने बताया कि वे पहले चार्जशीट का अध्ययन करेंगे और कोशिश करेंगे कि हर पेशी पर कोर्ट में स्वयं उपस्थित रहें। जोशी ने यह भी बताया कि कोर्ट ने उनसे केस से संबंधित कई जानकारियां मांगी थीं, जो उनके पास थीं और उन्होंने कोर्ट से साझा कीं।
करीब सात महीने बाद महेश जोशी 3 दिसंबर को जयपुर सेंट्रल जेल से बाहर आए थे। उनकी रिहाई के बाद यह पहला बड़ा कदम है, जिसमें उन्होंने कोर्ट के आदेश का पालन किया है।