जालोर/सिरोही: कागमाला हाल्ट (Kagmal Halt) का नाम बदलकर सुंधा माता रेलवे स्टेशन (Sundha Mata Railway Station) करने की मांग तेज़ हुई है। कालूराम लोहार विश्वकर्मा ने सांसद लुंबाराम चौधरी (MP Lumbaram Choudhary) को ज्ञापन सौंपा।
जोधपुर-समदड़ी-भीलड़ी रेलमार्ग पर स्थित कागमाला हाल्ट को सुंधा माता रेलवे स्टेशन का दर्जा देने की मांग एक बार फिर ज़ोर पकड़ रही है। भाजपा कारीगर प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य कालूराम लोहार विश्वकर्मा ने इस संबंध में जालोर-सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा है। केंद्र में NDA सरकार के तीसरी बार गठन के बाद यह अपेक्षा बढ़ गई है कि क्षेत्र के महत्वपूर्ण धार्मिक व पर्यटन स्थलों को बेहतर रेलवे कनेक्टिविटी मिले।
ऐतिहासिक संदर्भ और पूर्व प्रधानमंत्री का हस्तक्षेप
ज्ञापन में इस मांग के ऐतिहासिक संदर्भ को भी सामने रखा गया है। कालूराम लोहार ने बताया कि पूर्व में जब इस रेलमार्ग पर मीटर गेज संचालित था, तब कागमाला हाल्ट के नाम से यात्री गाड़ियों का ठहराव होता था। यह ठहराव देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं तत्कालीन रेल मंत्री लाल बहादुर शास्त्री के आदेश पर शुरू किया गया था।