खंडवा | मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक भीषण और हृदय विदारक हादसा हो गया। पंधाना के पास अर्दला गांव में गुरुवार शाम को एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। इस दर्दनाक घटना में 8 बच्चियों सहित कुल 13 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 20 से 25 लोग सवार थे, जो प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे थे।
हादसे का विवरण
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना खंडवा के पंधाना क्षेत्र में अर्दला गांव के समीप हुई। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली एक कच्चे पुल से गुजर रही थी, तभी संतुलन बिगड़ने से वह तालाब में पलट गई। ट्रॉली में सवार सभी लोग पानी में जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद 10-15 लोगों ने तालाब में कूदकर डूब रहे लोगों को बचाने का प्रयास किया। यह घटना गुरुवार शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है।