रांची: पूर्व भारतीय ओपनर और सेलेक्टर क्रिस श्रीकांत (Kris Srikkanth) ने विराट कोहली (Virat Kohli) और रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के बिना 2027 वनडे वर्ल्ड कप (ODI World Cup) जीतना असंभव बताया है। रांची (Ranchi) में साउथ अफ्रीका (South Africa) के खिलाफ पहले वनडे में उनकी शानदार पारियों के बाद यह बात कही गई।
विराट कोहली और रोहित शर्मा जब मैदान पर होते हैं, तो भारतीय क्रिकेट टीम के भविष्य को लेकर हर चर्चा इन्हीं दोनों दिग्गजों के इर्द-गिर्द घूमती है। टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद दोनों ने टी20 इंटरनेशनल और इस साल की शुरुआत में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद से यह अटकलें लगने लगी थीं कि शायद ये दोनों 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक वनडे इंटरनेशनल में नहीं टिक पाएंगे, क्योंकि उनकी उम्र क्रमशः 37 और 38 साल है। आधुनिक क्रिकेट की बढ़ती मांगों के बीच टीम मैनेजमेंट को अगले वनडे वर्ल्ड कप के रोडमैप को लेकर संदेह होने लगा था।
रो-को के बिना 2027 वर्ल्ड कप जीतना नामुमकिन: श्रीकांत
अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ रांची में खेले गए पहले वनडे में कोहली और रोहित की शानदार बल्लेबाजी ने सभी शंकाओं को दूर कर दिया है। पूर्व भारतीय ओपनर और सेलेक्टर क्रिस श्रीकांत ने इस बहस पर विराम लगाते हुए जोर देकर कहा है कि टॉप ऑर्डर में 'रो-को' जोड़ी के बिना 2027 वनडे वर्ल्ड कप जीतना नामुमकिन है। कोहली के शानदार 135 रन और रोहित के जबरदस्त 57 रन की बदौलत भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।