शिवगंज। पिण्डवाड़ा क्षेत्र में प्रस्तावित चूना पत्थर खनन परियोजना को लेकर ग्रामीणों का विरोध लगातार तेज़ होता जा रहा है। शुक्रवार को पिण्डवाड़ा तहसील की चार ग्राम पंचायतों वाटेरा, भीमाना, भारजा और रोहिड़ा के ग्रामीणों का एक प्रतिनिधि मंडल पूर्व सीएम सलाहकार एवं सिरोही विधायक संयम लोढ़ा से मिला। ग्रामीणों ने उन्हें ज्ञापन सौंप कर इस परियोजना को निरस्त करवाने की पुरजोर मांग उठाई।
ग्रामीणों का कहना है कि मेसर्स कमलेश मेटाकास्ट प्राइवेट लिमिटेड, जयपुर को करीब 800.9935 हेक्टेयर भूमि चूना पत्थर खनन कार्य हेतु आवंटित की गई है। इस विशाल भूमि में न केवल ग्रामीणों की निजी खातेदारी कृषि भूमि शामिल है, बल्कि गांवों की महत्वपूर्ण गोचर भूमि भी इस परियोजना के दायरे में आ रही है, जिससे उनके पशुधन के चारे की समस्या उत्पन्न होगी। ग्रामीणों ने बताया कि यह परियोजना उनके जीवनयापन और पर्यावरण पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव डालेगी।
विधायक लोढ़ा का ग्रामीणों को आश्वासन
ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्रामीणों ने विधायक लोढ़ा से खनन परियोजना को तत्काल निरस्त करवाने की मांग की। इस पर विधायक लोढ़ा ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा, "मैं पूरी तरह ग्रामीणों के साथ हूं और इस जनविरोधी परियोजना को रुकवाने के लिये हर सम्भव मदद करूंगा।" उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वे इस मुद्दे को उचित मंच पर उठाएंगे और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।